रायपुर जिले के नवापारा इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात पिपरौद-बजरंगपुर नेशनल हाईवे 130C पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास ट्रक और रेत से भरी हाईवा के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि टक्कर की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के सन्नाटे में अचानक आई तेज धमाके जैसी आवाज से लोग घबरा गए और तुरंत मौके की ओर दौड़े। जब तक लोग पहुंचे, तब तक दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे और उसमें सवार लोगों की हालत गंभीर थी।
मृतकों में दो लोग पारागांव और एक व्यक्ति कुरूद का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रेत से भरी हाईवा चालक की लापरवाही इस दुर्घटना की बड़ी वजह हो सकती है।
यह इलाका पहले से ही सड़क हादसों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवापारा-रायपुर मार्ग पर नियमों की अनदेखी करते हुए 24 घंटे रेत से भरे हाईवा तेज रफ्तार में दौड़ते रहते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। बार-बार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि प्रशासन इस मार्ग पर सख्त कार्रवाई करे और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी नजर रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।