छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक युवक ने दिनदहाड़े बीच सड़क पर खुद को आग के हवाले कर दिया। इस भयावह घटना में युवक लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल शुक्रवार दोपहर अपने ही गांव के पेट्रोल पंप पहुंचा, जहां उसने एक डिब्बे में पेट्रोल खरीदा। इसके बाद वह अपनी बुलेट से कुछ दूरी तक गया और सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर ली। कुछ ही पलों में उसने पेट्रोल अपने ऊपर डाला और आग लगा ली। देखते ही देखते युवक आग की लपटों में घिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना को देख आसपास मौजूद लोग तुरंत हरकत में आए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे सिम्स में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने इस मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। हालांकि युवक ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
मामले पर जानकारी देते हुए एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्मदाह के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
यह घटना न सिर्फ दिल दहला देने वाली है, बल्कि कई सवाल भी खड़े करती है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि युवक को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा।