Meta Pixel

भारत माला सिक्सलेन सड़क से 100 किसान परेशान, खेत तक पहुंचना हुआ मुश्किल

Spread the love

दुर्ग, 22 अप्रैल 2026/ जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री विरेन्द्र सिंह एवं डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 120 आवेदन प्राप्त हुए।
इसी कड़ी में गोड़पेन्ड्री के किसानों ने पुल निर्माण कराने की मांग की। किसानों ने बताया कि गोड़पेन्ड्री में भारत माला परियोजना के तहत बन रही सिक्सलेन सड़क के कारण करीब 100 किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क खेतों के बीच से गुजरने के कारण सीधा रास्ता बंद हो गया है। किसानों को अब अपने खेत तक पहुंचने के लिए करीब 3 किलोमीटर दूर मानिकचौरी और अन्य मार्गों से होकर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर की जा रही घेराबंदी से समस्या और गंभीर हो जाएगी और खेती किसानी प्रभावित होगा। गांव के उत्तरी हिस्से में पहले से पत्थर खदान होने के कारण खेती योग्य जमीन कम बची है और जो कृषि योग्य भूमि बचा है वहां पहुंचने में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने ग्राम छाटा और मानिकचौरी के बीच अंडरपास/पुलिया निर्माण की मांग की है, ताकि खेतों तक आवागमन आसान हो सके। इस पर कलेक्टर ने एनएच एवं एसडीओ पाटन को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
मदर टेरेसा वार्डवासियों ने गटर पाइपलाइन के जाम होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मदरटेरेसा नगर के वार्ड क्रमांक 31 में गटर पाइपलाइन बार-बार जाम होने से वार्डवासी परेशान हैं। गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नगर निगम में इसकी शिकायत की गई थी लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ है। सफाई के बाद भी गटर जल्द ही फिर जाम हो जाता है। उन्होंने पुरानी पाइपलाइन को बदलकर नई सीवरेज लाइन निर्माण कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम भिलाई को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
ग्राम हनोदा निवासी ने आबादी भूमि का पट्टा नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनका कच्चा मकान 1980 से पहले बना था, जो अब क्षतिग्रस्त हो चुका है। वर्ष 2017 में सर्वे के बाद गांव के अन्य लोगों को पट्टा मिल गया, लेकिन उन्हें अब तक वंचित रखा गया है। पड़ोसियों द्वारा मेरा रास्ता बाधित कर अनावश्यक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इस संबंध में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *