Meta Pixel

दीवारों पर उभरती सुरक्षा की चेतना—भिलाई इस्पात संयंत्र में सौंदर्यीकरण के साथ जागरूकता की पहल

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के सिविल इंजीनियरिंग विभाग (सीईडी) द्वारा संयंत्र परिसर में सौंदर्यीकरण के साथ सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कई सार्थक पहल की जा रही है। इसी दिशा में गैरेज रोड, स्लैग गैलरी से एमआरडी चौक तक की दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग का कार्य किया गया है, जिसमें मुख्यतः सुरक्षा संबंधी संदेशों और कलात्मक अभिव्यक्तियों को स्थान दिया गया है। यह पहल संयंत्र के सौंदर्यीकरण को नई पहचान के साथ-साथ कार्यरत कर्मियों के बीच सुरक्षा के प्रति सतत जागरूकता का संदेश भी संप्रेषित कर रही है। यह कार्य कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार के मार्गदर्शन में सीईडी विभाग द्वारा संपादित किया गया है।

इसी क्रम में सीईडी विभागाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक (सीईडी) श्री राकेश पांडेय ने जानकारी दी कि फाउंड्री सर्कल से आरसीएल टर्निंग तक दूसरी वॉल पेंटिंग विकसित की गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ की स्थानीय कला को सुरक्षा विषयों के साथ संयोजित किया गया है। इस पहल के पीछे उद्देश्य यह है कि संयंत्र में कार्यरत कर्मी इन चित्रों के माध्यम से एक ओर सुरक्षा के प्रति जागरूक हों, वहीं दूसरी ओर उन्हें कार्यस्थल पर सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण का अनुभव भी हो।

संयंत्र प्रबंधन द्वारा इस पहल को आगे बढ़ाते हुए नर्सरी से यूआरएम टर्निंग प्वाइंट तक अगली वॉल पेंटिंग का कार्य प्रस्तावित है। साथ ही, संयंत्र के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी विभिन्न विषयों पर आधारित वॉल पेंटिंग विकसित करने की योजना है, जिससे पूरे परिसर में सौंदर्य और संदेश का संतुलित वातावरण निर्मित हो सके।

उल्लेखनीय है कि अब तक संपन्न इन कार्यों में छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों की सक्रिय भागीदारी रही है। साथ ही सिविल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक महाप्रबंधक श्री मार्टि कमैया का इस पहल में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिनके प्रयासों से यह रचनात्मक कार्य प्रभावी रूप से मूर्त रूप ले सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *