वैश्विक तापमान के ताज़ा आंकड़ों ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों की रीयल-टाइम रैंकिंग में से 92 शहर अकेले भारत के हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि उत्तर और मध्य भारत इस समय किस कदर भीषण लू की चपेट में है। आलम यह है कि सहारा रेगिस्तान के कई शहर भी इस समय भारतीय शहरों की तुलना में कम गर्म हैं। दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे महानगरों में भी पारा 42-44 डिग्री के बीच झुलसा रहा है, लेकिन असली ‘आग’ बुंदेलखंड और पूर्वांचल के जिलों में बरस रही है।
यूपी का बांदा बना ‘नरक’: 47.4 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश का बांदा जिला शनिवार और रविवार को पूरे भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहा। यहाँ अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक है। बांदा ने अपना ही 4 साल पुराना रिकॉर्ड (29 अप्रैल 2022) बराबर कर लिया है। बांदा के अलावा उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी हाहाकार है:
- प्रयागराज: 45.5°C
- वाराणसी (BHU): 45.0°C
- झांसी: 44.8°C
- लखनऊ: 42.9°C (सीजन का सबसे गर्म दिन)
दिन में लू और रात में उमस: ‘वार्म नाइट’ का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 20 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटों तक ‘लू’ का प्रकोप जारी रहेगा। चौंकाने वाली बात यह है कि अब केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी झुलसा रही हैं। ‘वार्म नाइट’ की स्थिति के कारण रात का तापमान भी सामान्य से 3-5 डिग्री ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को 24 घंटे चैन नहीं मिल रहा है।
दिल्ली-मुंबई और अन्य राज्यों का हाल
राजधानी दिल्ली में भी सूरज आग उगल रहा है, यहाँ सफदरजंग और मुंगेशपुर जैसे इलाकों में पारा 44 डिग्री के करीब पहुँच गया है। महाराष्ट्र का अमरावती (45.6°C) और राजस्थान का बाड़मेर (45.7°C) भी झुलस रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बादलों की गैरमौजूदगी और शुष्क पछुआ हवाओं ने पूरे देश को भट्टी बना दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जब तक प्री-मानसून बारिश नहीं होती, तब तक इस ‘डेडली हीट’ से राहत मिलने के आसार कम हैं।