मई 2026 का महीना बैंकिंग सेवाओं के लिहाज़ से थोड़ा सुस्त रहने वाला है, क्योंकि इस पूरे महीने में कुल 12 दिन बैंकों के शटर बंद रहेंगे। भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा जारी अवकाश कैलेंडर के मुताबिक, इन छुट्टियों में नियमित साप्ताहिक अवकाश के साथ-साथ कुछ प्रमुख त्योहार और क्षेत्रीय अवसर भी शामिल हैं, जिनके कारण देश के अलग-अलग राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
महीने की शुरुआत ही छुट्टी से होने जा रही है। 1 मई को महाराष्ट्र दिवस, बुद्ध पूर्णिमा और अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस जैसे बड़े अवसरों के चलते देश के कई हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा पूरे महीने में आने वाले पांच रविवार और दूसरे व चौथे शनिवार के कारण भी बैंकिंग कामकाज ठप रहेगा। इन तय साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा पांच दिन ऐसे भी होंगे, जब अलग-अलग राज्यों में स्थानीय त्योहारों या विशेष अवसरों के कारण बैंक बंद रहेंगे, जिससे कुल छुट्टियों की संख्या 12 तक पहुंच जाती है।
हालांकि, इन छुट्टियों के बीच आम लोगों को ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह से सक्रिय रहेंगी। ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम के जरिए अपने जरूरी लेनदेन आसानी से कर सकते हैं। यानी भले ही बैंक शाखाओं के दरवाजे बंद हों, लेकिन डिजिटल दुनिया में बैंकिंग सेवाएं बिना रुके चलती रहेंगी।
इसी के साथ शेयर बाजार की बात करें तो वहां भी मई का महीना सीमित कारोबार वाला रहेगा। कुल 12 दिन बाजार बंद रहेगा, जिसमें 10 दिन वीकेंड यानी शनिवार और रविवार के कारण होंगे। इसके अलावा 1 मई को महाराष्ट्र दिवस और 28 मई को बकरीद के मौके पर भी बाजार में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी। इसका सीधा असर निवेशकों और ट्रेडर्स की रणनीतियों पर पड़ सकता है, क्योंकि उन्हें अपने निवेश और ट्रेडिंग प्लान इन छुट्टियों को ध्यान में रखकर बनाने होंगे।
कुल मिलाकर मई 2026 ऐसा महीना साबित होगा, जहां बैंकिंग और शेयर बाजार दोनों ही सेक्टर में कामकाज सामान्य दिनों के मुकाबले कम रहेगा। ऐसे में जरूरी है कि लोग अपने वित्तीय काम पहले से प्लान कर लें, ताकि छुट्टियों के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।