बॉलीवुड में लंबे समय से चर्चा में रही फिल्म है जवानी तो इश्क होना है को लेकर अब इंतजार खत्म हो गया है। अभिनेता वरुण धवन ने खुद इसकी रिलीज़ डेट का ऐलान कर दिया है। यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म अब 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
काफी समय से फिल्म की रिलीज़ डेट बार-बार बदलने के कारण दर्शकों में असमंजस बना हुआ था, लेकिन अब मेकर्स ने स्पष्ट कर दिया है कि फिल्म अपनी तय तारीख पर ही आएगी। वरुण धवन ने 29 अप्रैल को सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने इस मौके पर यश और मैडॉक फिल्म्स का धन्यवाद भी किया, जिनकी वजह से रिलीज़ डेट तय हो पाई। खास बात यह है कि यह फिल्म आईपीएल के बाद रिलीज होने वाली पहली बड़ी बॉलीवुड फिल्म होगी।
दरअसल, इस फिल्म की रिलीज़ में देरी की एक बड़ी वजह बॉक्स ऑफिस क्लैश था। पहले इसे 12 जून तक टालने का फैसला लिया गया था, क्योंकि यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ 4 जून को रिलीज़ होने वाली थी। इसके अलावा रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ के साथ टकराव से बचने के लिए भी तारीख में बदलाव किया गया। एक समय तो फिल्म को 22 मई पर भी शिफ्ट किया गया था, जिससे दर्शकों के बीच कन्फ्यूजन और बढ़ गया था।
फिल्म की बात करें तो इसका निर्देशन कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर डेविड धवन ने किया है। इसे एक ‘डबल ट्रबल लव स्टोरी’ के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसमें मनोरंजन और हास्य का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा।
इस फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े लीड रोल में नजर आएंगी। वहीं सपोर्टिंग कास्ट में मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, चंकी पांडे, राकेश बेदी, मौनी रॉय और राजेश कुमार जैसे अनुभवी कलाकार भी शामिल हैं।
कुल मिलाकर, ‘है जवानी तो इश्क होना है’ अब फाइनली अपने फैंस के लिए तैयार है और 5 जून को यह देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है।