Meta Pixel

निजी स्कूलों की फीस वृद्धि से नाराज अभिभावक पहुँचे जनदर्शन

Spread the love

दुर्ग, 29 अप्रैल 2026 / जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुँचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुँचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन एवं डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 117 आवेदन प्राप्त हुए।
इसी कड़ी में जिले के निजी स्कूलों की बढ़ती फीस और गर्मी छुट्टी का भी शुल्क लिए जाने के कारण अभिभावकों ने शिकायत की। अभिभावकों ने बताया कि निजी स्कूल बिना स्पष्ट कारण हर साल 700 से 1000 रुपये प्रतिमाह तक फीस बढ़ा देते हैं, जिससे सालाना बोझ 10 से 12 हजार रुपये तक बढ़ जाता है। इससे मध्यम और गरीब वर्ग के परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। निजी स्कूलों द्वारा हर साल फीस बढ़ाने की प्रक्रिया से सभी अभिभावक परेशान है। अभिभावकों ने मांग की है कि निजी स्कूलों को फीस बढ़ाने से पहले शासन से अनुमति लेना अनिवार्य किया जाए और शुल्क वृद्धि के स्पष्ट कारण बताए जाएं। साथ ही, अवकाश अवधि में फीस वसूली पर रोक लगाने की मांग भी की। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
ग्राम पंचायत अमलीडीह की सरपंच ने जल संकट से निदान पाने के लिए खारून नदी पानी लाने की मांग की। उन्होंने बताया कि जिले के ग्राम पंचायत अमलीडीह में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव में पानी टंकी का निर्माण होने के बावजूद बोरवेल से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की जमीन सूखी होने के कारण जल उपलब्धता नहीं हो पा रही है, जिससे पूरे गांव में पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने खारून नदी से पाइपलाइन के माध्यम से पानी लाकर पंचायत की टंकी में आपूर्ति कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। इस पर कलेक्टर ने पीएचई को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
बोरसी निवासी पिता ने अपने पुत्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के बाद आर्थिक सहायता की मांग की। पिता ने बताया कि उनके पुत्र की मोटरसाइकिल दुर्घटना में मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक वाहन चालक ने उनके पुत्र को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *