मुंबई – हिंदी सिनेमा के महानायक Amitabh Bachchan आज भी अपनी ऊर्जा और अनुशासन से लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। 83 साल की उम्र में भी वे न सिर्फ सक्रिय हैं, बल्कि अपने विचारों से नई पीढ़ी को दिशा दे रहे हैं। हाल ही में अपने ब्लॉग में उन्होंने लिखा- “जब तक जीवन है, सीखना जारी है…”- यह संदेश उनके फैंस के दिल को छू गया है।
बिग बी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सीखना सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन के हर अनुभव से जुड़ा होता है। यही सोच उन्हें आज भी लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
“जब तक जीवन है, सीखना जारी है”
हाल ही में अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने जीवन में सीखने के महत्व पर बात की। उन्होंने लिखा- “जब तक जीवन है, तब तक सीखना जारी है… विषयों, बाधाओं और उपलब्धियों का सीखना, सब कुछ। इसे पहचान की ज़रूरत है। इसे इच्छा की ज़रूरत है… इसे विश्वास की ज़रूरत है… और अंततः – कर्म… हममें से कितने लोग इससे सहमत हैं, यह भी एक सीख है… इसलिए… मैं हर दिन सीखता हूं… क्योंकि कोई भी दिन एक जैसा नहीं हो सकता… हम जितनी जल्दी इससे निपटना ‘सीख’ लें, उतना ही बेहतर है।”
काम से दूरी बनते ही बढ़ती है बेचैनी
अमिताभ बच्चन ने अपने एक पुराने पोस्ट का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह एक दिन भी काम नहीं करते, तो उन्हें अजीब सी बेचैनी महसूस होती है। उन्होंने कहा कि उनकी दिनचर्या इतनी व्यवस्थित है कि अगर उसमें कोई बदलाव आता है, तो पूरा दिन असंतुलित लगने लगता है।
उन्होंने यह भी बताया कि जब इंसान अपनी तय दिनचर्या से हटता है, तो उसे समझ नहीं आता कि दिन कैसे बिताया जाए, जिससे चिंता बढ़ सकती है।
बिग बी के आगामी प्रोजेक्ट्स
अमिताभ बच्चन पिछले छह दशकों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और हर तरह के किरदार में खुद को साबित किया है। चाहे फिल्में हों या टीवी शो, उन्होंने हमेशा अपने काम के प्रति पूरी ईमानदारी दिखाई है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन कल्कि 2898 एडी के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसमें प्रभास, कमल हासन जैसे सितारे भी नजर आएंगे।