Meta Pixel

पूजा हेगड़े की भविष्यवाणी हुई सच! विजय की चुनावी जीत पर वायरल हुआ पुराना वीडियो

Spread the love

साउथ सुपरस्टार थलापति विजय इन दिनों तमिलनाडु की राजनीति में अपनी धमाकेदार एंट्री और चुनावी प्रदर्शन को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। पहली बार चुनावी मैदान में उतरी उनकी पार्टी TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसी बीच बॉलीवुड और साउथ की मशहूर एक्ट्रेस पूजा हेगड़े ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।

दरअसल, पूजा हेगड़े ने फिल्म ‘जन नायकन’ की शूटिंग के दौरान का एक पुराना वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया। इस वीडियो में एक व्हाइट बोर्ड नजर आता है, जिस पर लिखा होता है – “चुनाव कौन जीतेगा?”। वीडियो में पूजा पहले इस सवाल को दिखाती हैं और फिर कैमरा धीरे-धीरे विजय की तरफ घुमा देती हैं। कैमरा अपनी ओर आता देख विजय मुस्कुराने लगते हैं और शर्माते हुए अपना चेहरा छिपा लेते हैं। अब जब चुनाव नतीजे सामने आ चुके हैं, तो यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे विजय की जीत से जोड़कर देख रहे हैं।

4 मई को आए चुनाव परिणामों में विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटों पर कब्जा जमाया। हालांकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है, लेकिन पहली बार चुनाव लड़ने वाली पार्टी के लिए यह प्रदर्शन बेहद बड़ा माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक विजय की नई पारी की जमकर चर्चा हो रही है।

इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए पूजा हेगड़े ने लिखा, “शायद मैंने इसके होने से पहले ही यह कह दिया था? सपनों को सच होते देखना बेहद खूबसूरत है। विजय सर को बहुत-बहुत बधाई।” पूजा के इस पोस्ट पर फैंस लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे ‘लकी प्रेडिक्शन’ बताया, तो कुछ फैंस दोनों की शानदार बॉन्डिंग की तारीफ करते नजर आए।

बीस्ट के बाद विजय और पूजा की जोड़ी एक बार फिर फिल्म ‘जन नायकन’ में साथ नजर आने वाली है। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री पहले ही दर्शकों को पसंद आ चुकी है, और अब इस वायरल वीडियो के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।

विजय की इस राजनीतिक सफलता पर फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। रजनीकांत, कमल हासन, चिरंजीवी, राम चरण और सूर्या जैसे कई सितारों ने विजय की तारीफ करते हुए उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर #ThalapathyVijay लगातार ट्रेंड कर रहा है और फैंस इसे विजय के करियर का नया अध्याय बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *