दुनियाभर में मेमोरी चिप्स की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और इसका असर स्मार्टफोन इंडस्ट्री पर साफ दिखाई देने लगा है। कई कंपनियों ने अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स के दाम बढ़ा दिए हैं, लेकिन इसी बीच एपल को लेकर आई नई लीक रिपोर्ट्स ने टेक मार्केट में हलचल मचा दी है। खबर है कि कंपनी अपने अपकमिंग iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की कीमतों में बड़ा इजाफा नहीं करने वाली। यानी महंगे होते टेक बाजार के बीच एपल यूजर्स को राहत मिल सकती है।
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक एपल इस बार बढ़ती सप्लाई कॉस्ट का बोझ सीधे ग्राहकों पर डालने के बजाय खुद absorb करने की तैयारी में है। अगर ऐसा होता है तो अमेरिका में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत करीब 1,099 डॉलर और iPhone 18 Pro Max की कीमत लगभग 1,199 डॉलर के आसपास रह सकती है। हालांकि भारत में टैक्स और इंपोर्ट ड्यूटी के कारण कीमतें ज्यादा देखने को मिल सकती हैं।
टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि एपल फिलहाल अपनी प्रॉफिट मार्जिन थोड़ी कम करके मार्केट शेयर मजबूत करना चाहता है। एआई डेटा सेंटर्स की बढ़ती मांग के कारण मेमोरी चिप्स की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिससे एंड्रॉयड कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है। कई ब्रांड्स अपने स्मार्टफोन्स के दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं, लेकिन एपल फिलहाल अलग रणनीति अपनाता नजर आ रहा है।
लीक्स में iPhone 18 Pro सीरीज के डिजाइन और फीचर्स को लेकर भी कई बड़े दावे किए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार iPhone 18 Pro में 6.3 इंच का OLED डिस्प्ले और Pro Max मॉडल में 6.9 इंच का बड़ा OLED डिस्प्ले देखने को मिल सकता है। सबसे बड़ा बदलाव डायनामिक आइलैंड में देखने को मिल सकता है, जिसे पहले से लगभग 35 प्रतिशत पतला किया जा सकता है। इससे यूजर्स को ज्यादा स्क्रीन स्पेस और ज्यादा प्रीमियम डिजाइन मिलने की उम्मीद है।
परफॉर्मेंस के मामले में भी एपल बड़ा धमाका कर सकता है। कहा जा रहा है कि कंपनी नए 2nm A20 Pro चिपसेट का इस्तेमाल करेगी। यह प्रोसेसर पिछले मॉडल्स की तुलना में करीब 15 प्रतिशत ज्यादा तेज सीपीयू परफॉर्मेंस और लगभग 30 प्रतिशत बेहतर पावर एफिशिएंसी दे सकता है। यानी यूजर्स को ज्यादा स्मूद गेमिंग, बेहतर मल्टीटास्किंग और लंबी बैटरी लाइफ का अनुभव मिल सकता है।
एक और बड़ा बदलाव मॉडेम टेक्नोलॉजी में देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एपल इस बार क्वालकॉम मॉडेम की जगह अपना खुद का C2 मॉडेम इस्तेमाल कर सकता है। अगर ऐसा हुआ तो नेटवर्क कनेक्टिविटी और बैटरी ऑप्टिमाइजेशन में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है। लंबे समय से एपल अपने इन-हाउस मॉडेम पर काम कर रहा है और iPhone 18 सीरीज इस दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।
कलर ऑप्शन्स को लेकर भी कई चर्चाएं सामने आई हैं। इस बार एपल कुछ नए प्रीमियम कलर्स पेश कर सकता है, जिनमें डार्क चेरी, मिस्ट ब्लू, लाइट ब्लू और डार्क ग्रे जैसे आकर्षक रंग शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि कंपनी इस बार डिजाइन को और ज्यादा प्रीमियम और स्टाइलिश बनाने पर फोकस कर रही है।
हालांकि एपल की तरफ से अभी तक iPhone 18 Pro सीरीज को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन लगातार सामने आ रही लीक रिपोर्ट्स ने टेक लवर्स की उत्सुकता काफी बढ़ा दी है। अगर ये दावे सही साबित होते हैं, तो iPhone 18 Pro सीरीज इस साल की सबसे चर्चित फ्लैगशिप लॉन्च में शामिल हो सकती है।