Railway Recruitment Board ने रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान कर दिया है। असिस्टेंट लोको पायलट यानी ALP के 11,127 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। लंबे समय से रेलवे भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इसे बड़ा अवसर माना जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन 15 मई 2026 से शुरू होंगे, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 14 जून 2026 तय की गई है। उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकेंगे।
Assistant Loco Pilot पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में ITI सर्टिफिकेट होना अनिवार्य रखा गया है। वहीं इंजीनियरिंग डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी इस भर्ती में आवेदन करने के पात्र होंगे।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के तहत उम्र में छूट दी जाएगी। ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 3 साल और एससी-एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 साल की राहत मिलेगी। इसके अलावा एक्स सर्विसमैन और अन्य आरक्षित श्रेणियों को भी नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी, ट्रांसजेंडर, एक्स सर्विसमैन और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EBC उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले उम्मीदवारों को CBT-1 और CBT-2 परीक्षा देनी होगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट यानी CBAT के लिए बुलाया जाएगा। आगे डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के बाद फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
रेलवे की इस बड़ी भर्ती को युवाओं के लिए रोजगार का शानदार मौका माना जा रहा है। खासतौर पर तकनीकी योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के बीच इस भर्ती को लेकर उत्साह काफी बढ़ गया है।