छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भाजपा से जुड़ी मंडी सदस्य मोनिका सिंह अपने पति ऋतुपर्ण सिंह के साथ हवाई फायरिंग करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में महिलाएं, लड़कियां और यहां तक कि छोटे बच्चे भी हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ‘धुरंधर’ फिल्म के गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था।
वायरल वीडियो में शादी समारोह के बीच जमकर हथियारों का प्रदर्शन होता दिखाई दे रहा है। डीजे और फिल्मी गानों के बीच पिस्टल और बंदूक से फायरिंग की जा रही है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि वीडियो में एक बच्चा भी बंदूक पकड़े दिखाई दे रहा है। कुछ क्लिप्स में महिलाओं और युवतियों को भी फायरिंग करते देखा जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला भाजपा नेत्री मोनिका सिंह के भाई प्रतीक की शादी से जुड़ा बताया जा रहा है। समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग की गई और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अब कानून-व्यवस्था और हथियारों के दुरुपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी बताए जा रहे हैं। वहीं मोनिका सिंह भाजपा से जुड़ी हुई हैं और वर्तमान में मंडी सदस्य के पद पर कार्यरत हैं। वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
कांग्रेस प्रवक्ता Abhay Narayan ने इस मामले पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों को हथियारों का लाइसेंस दिया जाता है, क्या उनके उपयोग की सही निगरानी हो रही है? कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे प्रदेश में हथियार लाइसेंस और उनके इस्तेमाल की जांच होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। कई यूजर्स ने लिखा कि राजधानी में खुलेआम हथियारों से फायरिंग करना कानून-व्यवस्था को चुनौती देने जैसा है। कुछ लोगों ने पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों के मामलों में तुरंत कार्रवाई होती है, लेकिन प्रभावशाली लोगों के मामलों में नरमी दिखाई जाती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ऋतुपर्ण सिंह को भाजपा नेता सौरभ सिंह का करीबी माना जाता है। उन पर पहले भी शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग करने के आरोप लग चुके हैं। हालांकि फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की कोई औपचारिक शिकायत अभी तक दर्ज नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शादी और जश्न के नाम पर हथियारों का प्रदर्शन कब तक जारी रहेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है।


