दिग्गज टेक कंपनी HP ने भारत में अपनी नई OmniBook लैपटॉप सीरीज लॉन्च कर दी है। कंपनी ने एक साथ 5 नए लैपटॉप मॉडल पेश किए हैं, जिन्हें अलग-अलग यूजर्स की जरूरतों और काम के हिसाब से डिजाइन किया गया है। नई सीरीज में AI फीचर्स, Snapdragon और Intel Core Ultra प्रोसेसर, OLED डिस्प्ले और लंबी बैटरी लाइफ जैसे कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। HP का दावा है कि नए OmniBook लैपटॉप 80 TOPS तक की AI परफॉर्मेंस देने में सक्षम हैं।
नई लाइनअप में HP OmniBook Ultra 14, HP OmniBook X और HP OmniBook 5 जैसे मॉडल शामिल हैं। कंपनी ने इन्हें Intel और Qualcomm Snapdragon दोनों प्रोसेसर ऑप्शंस के साथ पेश किया है। ये सभी पिछले साल लॉन्च हुए OmniBook मॉडल्स के अपग्रेडेड वर्जन बताए जा रहे हैं।
HP OmniBook Ultra 14 (2026) के Snapdragon वेरिएंट की शुरुआती कीमत ₹1,89,999 रखी गई है। यह Stone Blue रंग में उपलब्ध होगा। वहीं Intel Ultra प्रोसेसर वाला मॉडल ₹2,14,999 की शुरुआती कीमत में आएगा और इसे Eclipse Gray तथा Silk Sand रंगों में खरीदा जा सकेगा। ग्राहक इन्हें HP India Store और HP World स्टोर्स से खरीद सकते हैं।
वहीं HP OmniBook X (2026) की शुरुआती कीमत ₹1,69,999 रखी गई है। दूसरी ओर HP OmniBook 5 (2026) को ₹1,24,999 की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया गया है। OmniBook X Atmospheric Blue रंग में उपलब्ध होगा, जबकि OmniBook 5 Meteor Silver और Sahara Silver कलर ऑप्शंस में आएगा।
फीचर्स की बात करें तो HP OmniBook Ultra 14 में Intel Core Ultra 7 356H प्रोसेसर तक का विकल्प मिलता है। इसमें 16-कोर CPU और 50 TOPS तक AI परफॉर्मेंस देने वाला NPU दिया गया है। लैपटॉप Windows 11 पर चलता है और इसमें 16GB LPDDR5x RAM के साथ 1TB PCIe Gen 4 SSD स्टोरेज तक का सपोर्ट मिलता है।
लैपटॉप में 14-इंच का 3K OLED टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है, जो 500 निट्स ब्राइटनेस और 30Hz से 120Hz तक वेरिएबल रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। बेहतर कूलिंग के लिए इसमें वेपर चैंबर और ड्यूल-फैन सिस्टम दिया गया है। HP का दावा है कि इसकी 70Wh बैटरी एक बार चार्ज करने पर 22.75 घंटे तक बैकअप दे सकती है। इसके अलावा 65W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के जरिए यह सिर्फ 45 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो जाता है।
इसमें Copilot बटन वाला कीबोर्ड, Waterfall हैप्टिक टचपैड और 5MP IR वेबकैम भी दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए Wi-Fi 7 और Bluetooth 6 जैसे लेटेस्ट फीचर्स मौजूद हैं।
वहीं HP OmniBook 5 (2026) में 14-इंच का 2K OLED डिस्प्ले मिलता है, जो 300 निट्स ब्राइटनेस और 91 प्रतिशत स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो सपोर्ट करता है। यह Intel Core Ultra 7 355 प्रोसेसर तक के विकल्प के साथ आता है और इसका NPU 49 TOPS तक AI परफॉर्मेंस देने में सक्षम बताया गया है।
इस लैपटॉप में 16GB RAM, 1TB SSD स्टोरेज, Wi-Fi 7 और Bluetooth 6 सपोर्ट दिया गया है। HP के अनुसार इसकी 59Wh बैटरी 21.5 घंटे तक बैकअप दे सकती है। इसमें Thunderbolt 4, USB Type-A और HDMI जैसे कई पोर्ट्स दिए गए हैं। सिर्फ 13.6mm पतले इस लैपटॉप का वजन करीब 1.33kg है, जिससे यह काफी पोर्टेबल बन जाता है।
नई OmniBook सीरीज के जरिए HP अब AI लैपटॉप मार्केट में अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है। कंपनी का फोकस ऐसे डिवाइसेस पर है जो हाई परफॉर्मेंस के साथ लंबी बैटरी लाइफ और स्मार्ट AI फीचर्स भी ऑफर करें।