छत्तीसगढ़ के Bilaspur में देर रात सड़कों पर दहशत फैलाने वाले हुड़दंगी बाइकर्स और असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। शहर में बढ़ती चाकूबाजी, शराबखोरी और सार्वजनिक जगहों पर आतंक फैलाने की शिकायतों के बीच पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए कई बदमाशों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों को डंडे से पीटने और कान पकड़कर उठक-बैठक कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि 12 मई की रात पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में घेराबंदी कर उन युवकों को पकड़ा जो देर रात बाइक पर हुड़दंग मचाते, शराब पीकर लोगों को डराते और नियम तोड़कर सड़कों पर घूम रहे थे। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक, तीन सवारी और हथियार लेकर घूमने वाले कई युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए युवक पुलिस के सामने हाथ जोड़ते और “अब गलती नहीं करेंगे” कहते नजर आए। वायरल वीडियो में कुछ युवकों को कान पकड़कर उठक-बैठक करते देखा गया, जबकि कुछ की डंडों से पिटाई भी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इसे कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग पुलिस की सख्ती पर सवाल भी उठा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिले में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद Sirgitti इलाके के अंडरब्रिज के पास विशेष नाकेबंदी की गई थी। यहां देर रात बदमाशों और बाइकर्स का जमावड़ा लगता था, जहां शराबखोरी और हुड़दंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं।
इस अभियान का नेतृत्व एएसपी Pankaj Patel और सीएसपी Nimitesh Singh ने किया। पुलिस टीम ने कई स्थानों पर जवान तैनात कर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कई युवक मौके से भागने लगे, लेकिन उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान 7 बाइक भी जब्त की गईं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए 12 युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। जांच में कुछ आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Rajnesh Singh के निर्देश पर अप्रैल 2026 से लेकर 12 मई 2026 तक जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अब तक कुल 513 असामाजिक तत्वों पर वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस मुख्य रूप से चाकू लेकर घूमने वालों, शराब पीकर उत्पात मचाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर डर का माहौल बनाने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चला रही है।
थानेवार कार्रवाई की बात करें तो Sarkanda क्षेत्र में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई है, जहां धारा 107/116 के तहत 130 मामले दर्ज किए गए। वहीं Civil Lines, Kotwali, Torwa, Chakarbhatha और Koni इलाकों में भी बड़ी संख्या में कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी शहर में इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और असामाजिक तत्वों में कानून का डर कायम हो सके।



