Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में अनूठी सुरक्षा पहल — “मेरा क्षेत्र – मेरी जिम्मेदारी” कार्यक्रम का शुभारंभ

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यस्थल सुरक्षा, स्वच्छता एवं जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक अभिनव पहल “मेरा क्षेत्र – मेरी जिम्मेदारी” प्रारंभ की गई है। यह पहल कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार के मार्गदर्शन में प्रारंभ की गई है, जिसका संचालन एवं क्रियान्वयन मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी के नेतृत्व में किया जा रहा है।

इस पहल के अंतर्गत संयंत्र के प्रमुख उत्पादन विभागों, कार्यस्थलों तथा विभिन्न प्रशासनिक एवं औद्योगिक भवनों को अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र के लिए एक कार्यपालक अधिकारी तथा आवश्यकता अनुसार कुछ गैर-कार्यपालकों को भी संबंधित क्षेत्र का “क्षेत्र स्वामी” (एरिया ऑनर) नामित किया गया है। संबंधित अधिकारियों के नाम एवं विवरण संबंधित क्षेत्रों में प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे जिम्मेदारी एवं जवाबदेही स्पष्ट रूप से सुनिश्चित हो सके।

क्षेत्र स्वामियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में हाउसकीपिंग, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, समग्र सुरक्षा व्यवस्था तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पहल का उद्देश्य सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ कार्यस्थलों में स्वामित्व की भावना विकसित करना भी है।

प्रबंधन के अनुसार, यह व्यवस्था विभिन्न विभागों एवं क्षेत्र स्वामियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करेगी, जिससे कार्यस्थलों की सुरक्षा, अनुशासन एवं रखरखाव में निरंतर सुधार संभव हो सकेगा। साथ ही, यह पहल संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति को और अधिक व्यवहारिक एवं सहभागी स्वरूप प्रदान करेगी।

सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग द्वारा इस पहल की सतत मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन किया जा रहा है। वहीं अपेक्षा व्यक्त की गई है कि “मेरा क्षेत्र – मेरी जिम्मेदारी” अभियान के माध्यम से संयंत्र परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता एवं कार्यस्थल प्रबंधन के स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *