Huawei ने अपना नया फ्लैगशिप टैबलेट Huawei MatePad Pro Max ग्लोबल मार्केट में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस टैबलेट को खासतौर पर प्रीमियम डिजाइन, पावरफुल प्रोडक्टिविटी फीचर्स और शानदार डिस्प्ले एक्सपीरियंस को ध्यान में रखते हुए पेश किया है। केवल 4.7mm की मोटाई के साथ यह Huawei के सबसे पतले बड़े स्क्रीन वाले टैबलेट्स में शामिल हो गया है।
MatePad Pro Max में 13.2 इंच का Flexible OLED PaperMatte डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। टैबलेट का रिजॉल्यूशन 3000×2000 पिक्सल है और इसमें 1600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। Huawei ने इसमें PaperMatte फिनिश भी दी है, जिससे स्क्रीन पर रिफ्लेक्शन और ग्लेयर काफी कम हो जाता है। यही वजह है कि लंबे समय तक पढ़ाई या ऑफिस वर्क के दौरान आंखों पर कम असर पड़ता है।
टैबलेट में 94 प्रतिशत स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो दिया गया है, जिससे यूज़र्स को लगभग बेजल-लेस अनुभव मिलता है। हालांकि कंपनी ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि इसमें कौन-सा प्रोसेसर इस्तेमाल किया गया है।
HarmonyOS 4.3 पर चलने वाले इस टैबलेट में 12GB RAM और 512GB तक की इंटरनल स्टोरेज दी गई है। कंपनी ने इसे खासतौर पर मल्टीटास्किंग और ऑफिस वर्क को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया है। इसमें PC-लेवल WPS Office सपोर्ट मिलता है, जिससे यूज़र्स डॉक्यूमेंट, प्रेजेंटेशन और स्प्रेडशीट को लगभग कंप्यूटर जैसे इंटरफेस पर एडिट कर सकते हैं।
Huawei ने इसमें Live-Multitask फीचर भी दिया है, जिसकी मदद से एक साथ तीन ऐप विंडो चलाई जा सकती हैं। वहीं Huawei Notes में AI आधारित फीचर्स दिए गए हैं, जो हैंडराइटिंग सुधारने और हस्तलिखित समीकरण हल करने में मदद करेंगे।
कैमरा की बात करें तो टैबलेट में 50MP का रियर कैमरा दिया गया है, जिसमें ऑटोफोकस और LED फ्लैश सपोर्ट मिलता है। वहीं वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए 12MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है।
ऑडियो एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कंपनी ने इसमें Huawei Sound ट्यूनिंग वाले छह स्पीकर्स और चार माइक्रोफोन दिए हैं। इससे वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन मीटिंग और गेमिंग के दौरान दमदार साउंड क्वालिटी मिलेगी।
कनेक्टिविटी के लिए टैबलेट में Wi-Fi 7, Bluetooth 6.0, USB Type-C, OTG और NearLink सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा यह GPS, GLONASS, Galileo और अन्य नेविगेशन सिस्टम को भी सपोर्ट करता है।
बैटरी की बात करें तो इसमें 10,400mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जबकि यूरोपियन मॉडल में 9,760mAh बैटरी मिलती है। यह 66W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है और 40W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग फीचर के साथ आता है।
कीमत की बात करें तो Huawei MatePad Pro Max की शुरुआती कीमत EUR 1,399 यानी करीब 1.57 लाख रुपये रखी गई है। वहीं टॉप मॉडल की कीमत लगभग 1.85 लाख रुपये तक जाती है। फिलहाल यह टैबलेट यूरोप के कुछ बाजारों में उपलब्ध कराया गया है।