सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा शिक्षा एवं प्रतिभा प्रोत्साहन की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 14 मई, 2026 को इस्पात भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने मेधावी छात्र आयुष प्रिया एवं छात्रा अर्पिता यादव को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं विभाग) श्री ए. बी. श्रीनिवास, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे. एन. ठाकुर, महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक (शिक्षा) सुश्री शिखा दुबे, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री सौमिक डे तथा प्राचार्य (सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10) सुश्री सुमिता सरकार सहित संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल, भिलाई के छात्र आयुष प्रिया ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दुर्ग जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 की छात्रा अर्पिता यादव ने 97.20 प्रतिशत अंक अर्जित कर शहर में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
डीपीएस, भिलाई के छात्र आयुष प्रिया, जवाहर लाल नेहरु चिकित्सालय एवं अनुसन्धान केंद्र के एसीएमओ डॉ राजीव प्रिया के पुत्र है जबकि अर्पिता यादव के पिता व्यवसायी हैं। बीएसपी प्रबंधन से संवाद के दौरान आयुष प्रिया ने बताया कि वे आगे बीएस इकोनॉमिक्स के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, वहीं अर्पिता यादव ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की। राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतिभागी रह चुकी अर्पिता को स्केचिंग, पेंटिंग एवं हैंडीक्राफ्ट में विशेष रुचि है।
कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी सफलता को उनके परिश्रम, अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि होते हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। मैं विशेष रूप से अभिभावकों एवं शिक्षकों की भी सराहना करना चाहूँगा, जिनके मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रोत्साहन ने विद्यार्थियों को इस मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
यह सम्मान समारोह भिलाई इस्पात संयंत्र की शिक्षा एवं प्रतिभा प्रोत्साहन के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है, जो युवा पीढ़ी को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।