सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा अंतर-विभागीय संगीत (गायन) प्रतियोगिता–2026 का आयोजन 9 जून से 13 जून 2026 तक सिविक सेंटर स्थित महात्मा गांधी कला मंदिर में किया जाएगा। यह वार्षिक प्रतियोगिता संयंत्र के कर्मचारियों एवं उनकी जीवनसंगिनियों के लिए आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता का आयोजन तीन वर्गों में किया जाएगा, जिसमें पुरुष हिंदी एकल गायन, महिला हिंदी एकल गायन, पुरुष गैर-हिंदी एकल गायन, महिला गैर-हिंदी एकल गायन तथा युगल गायन प्रतियोगिताएँ शामिल रहेंगी। हिंदी एवं गैर-हिंदी गायन प्रतियोगिताएँ पृथक श्रेणियों में आयोजित की जाएंगी।
गैर-हिंदी श्रेणी में प्रतिभागी हिंदी के अतिरिक्त किसी भी भाषा में प्रस्तुति दे सकेंगे, जिसमें छत्तीसगढ़ी, तेलुगु, तमिल, बंगाली, मराठी, गुजराती, पंजाबी, ओड़िया, भोजपुरी, मलयालम, राजस्थानी सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाएँ सम्मिलित होंगी। प्रत्येक श्रेणी में पृथक प्रतियोगिता आयोजित करने हेतु न्यूनतम छह प्रतिभागियों की सहभागिता अनिवार्य होगी।
युगल गायन प्रतियोगिता में केवल पति-पत्नी की जोड़ी को भाग लेने की पात्रता होगी तथा दोनों में से कम-से-कम एक प्रतिभागी का भिलाई इस्पात संयंत्र का कर्मचारी होना आवश्यक रहेगा। प्रतिभागियों के लिए संगतकारों की व्यवस्था आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रतियोगिता के प्रवेश प्रपत्र एवं विस्तृत नियम 15 मई 2026 से कार्यालयीन समय में सेक्टर-4 स्थित हैंडबॉल अकादमी परिसर में क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग से प्राप्त किए जा सकेंगे। प्रविष्टियाँ जमा करने की अंतिम तिथि 5 जून 2026 निर्धारित की गई है।