दुर्ग। कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान के दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने पुलिस आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया। ड्यूटी में मौजूद यातायात पुलिस की टीम ने तत्काल कार का पीछा किया और सिरसा गेट के पास घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। कार में दो युवक और दो युवतियां मौजूद थीं, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग
पुलिस के मुताबिक 15 मई की रात कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रही एक कार तेज रफ्तार में दिखाई दी। वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी होने के कारण पुलिस जवानों ने कार को रोकने का संकेत दिया।\
वाहन रोकने का इशारा करते ही बढ़ा दी स्पीड
बताया गया कि आरक्षक रमेश चंद्राकर जैसे ही वाहन के सामने पहुंचे, चालक ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी तथा उन्हें टक्कर मारते हुए निकलने की कोशिश की। खुद को बचाने के दौरान आरक्षक के हाथ में चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि चालक ने उनके ऊपर दोबारा वाहन चढ़ाने की भी कोशिश की, लेकिन आरक्षक ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया।
पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ी कार
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद यातायात पुलिस की टीम सक्रिय हुई और सरकारी वाहन से कार का पीछा शुरु किया, कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद सिरसा गेट के पास कार को रोक लिया गया। कार में सवार दो युवकों और दो युवतियों से पूछताछ की गई, जांच में युवकों की पहचान नागपुर निवासी रमजान और जाकिर मोहम्मद के रुप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर कार भी जब्त कर ली है।
कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं 109(1), 221, 3(5) बीएनएस एवं धारा 184, 100 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं वाहन में मौजूद युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।