रविवार सुबह तड़के दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सुपरफास्ट राजधानी एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 12431 मे अचानक धू-धू कर जलने लगी। यह ट्रेन रतलाम से रवाना होकर हजरत निजामुद्दीन की ओर आगे बढ़ रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे लूणी और विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशनों के बीच अचानक ट्रेन के बी-1 (B-1) कोच से धुंआ और तेज लपटें उठती देखी गईं। समय रहते ट्रेन के स्टाफ और गार्ड की मुस्तैदी से एक बहुत बड़ी त्रासदी को टाल दिया गया।
बी-1 कोच में भड़की आग, देखते ही देखते दूसरे कोच को लिया चपेट में
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत सबसे पहले थर्ड एसी कोच ‘बी-1’ से हुई। सुबह का समय होने के कारण अधिकांश यात्री अपनी सीटों पर सो रहे थे। जैसे ही लपटें तेज हुईं, बोगी में धुंआ भर गया और यात्रियों का दम घुटने लगा, जिससे चीख-पुकार मच गई।
ट्रेन के गार्ड ने बिना एक पल गंवाए घटना की सूचना तुरंत लोको पायलट को दी, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को जंगलों के बीच ही तत्काल रोक दिया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पास के एक और कोच को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दो डिब्बे बुरी तरह जल गए।
रेलवे कर्मचारियों की तत्परता: सुरक्षित निकाले गए सभी 68 यात्री
ट्रेन रुकते ही रेलवे स्टाफ और ऑन-ड्यूटी कर्मचारियों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत प्रभावित कोचों के दरवाजे खोले और उनमें फंसे करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को बोगियों से बाहर निकाल लिया गया था, जिससे इस बेहद डरावने हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सुरक्षित निकाले गए सभी यात्रियों को तुरंत ट्रेन के अन्य सुरक्षित कोचों में शिफ्ट किया गया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू, दो कोच पूरी तरह जलकर राख
घटना की सूचना मिलते ही कोटा और रतलाम रेल मंडल के प्रशासनिक अधिकारी, रेलवे डॉक्टर और राहत बचाव दल एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुँच गए। इसके साथ ही स्थानीय दमकल विभाग की गाड़ियों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद बोगियों में धधक रही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस हादसे में राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं।
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर, कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रोकी गईं
यह दुर्घटना क्षेत्र रेलवे के कोटा और रतलाम रेल मंडल के ठीक बॉर्डर पर आता है। इस भीषण आगजनी के कारण दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है।
ट्रैक ब्लॉक होने और ओएचई बिजली लाइनों को सुरक्षा के लिहाज से बंद किए जाने के कारण इस रूट से गुजरने वाली कई अन्य वीआईपी और एक्सप्रेस ट्रेनों को पिछले और अगले विभिन्न स्टेशनों पर ही रोक कर खड़ा करना पड़ा है। रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक को दोबारा बहाल करने और जले हुए डिब्बों को हटाने के कार्य में युद्धस्तर पर जुटी हुई है।