Central Board of Secondary Education ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार बोर्ड का कुल रिजल्ट 85.20 प्रतिशत दर्ज किया गया है। लाखों छात्रों के रिजल्ट आने के बाद अब बोर्ड ने री-इवैल्यूएशन, री-चेकिंग और स्क्रूटिनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच करवा सकेंगे।
जारी आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष कुल 17,80,365 छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 15,07,109 छात्र सफल घोषित हुए हैं, जबकि 1,63,800 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट मिली है। वहीं 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 94,028 रही। इसके अलावा 17,113 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
रिजल्ट जारी होने के बाद कई छात्र अपने अंकों को लेकर संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे छात्रों के लिए बोर्ड ने उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी देखने की सुविधा शुरू की है। छात्र 19 मई से 22 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क तय किया गया है। आवेदन के बाद स्कैन कॉपी छात्र के लॉगिन डैशबोर्ड में उपलब्ध करा दी जाएगी।
यदि स्कैन कॉपी देखने के बाद छात्रों को किसी तरह की गलती नजर आती है, तो वे 26 मई से 29 मई 2026 के बीच री-चेकिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए प्रति विषय 100 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं किसी एक प्रश्न की रीचेकिंग करवाने के लिए केवल 25 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि टोटलिंग या मूल्यांकन में कोई गलती पाई जाती है, तो उसे सुधारकर नए अंक जारी किए जाएंगे। री-चेकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों को नई मार्कशीट भी उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि नई मार्कशीट प्राप्त करने के लिए पुरानी मार्कशीट जमा करनी होगी।
कंपार्टमेंट पाने वाले छात्रों के लिए भी बोर्ड ने राहत दी है। कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 जून 2026 से शुरू होगी। छात्र ऑनलाइन आवेदन करके दोबारा परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। बोर्ड के अनुसार कंपार्टमेंट परीक्षा का आयोजन 15 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
छात्र अपने रिजल्ट और री-चेकिंग से जुड़ी सभी जानकारी CBSE Official Website और CBSE Results Portal पर जाकर देख सकते हैं।