डिजिटल पेमेंट की दुनिया में एक बड़ा बदलाव करते हुए Paytm ने टीनेजर्स के लिए नया “Paytm Pocket Money” फीचर लॉन्च कर दिया है। इस फीचर की मदद से अब बच्चे बिना खुद का बैंक अकाउंट खोले भी सुरक्षित तरीके से UPI पेमेंट कर सकेंगे। खास बात यह है कि बच्चों के हर खर्च पर पैरेंट्स की पूरी नजर रहेगी और वे चाहें तो कभी भी खर्च की लिमिट बदल या एक्सेस बंद कर सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक यह फीचर खास तौर पर उन परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जहां बच्चे रोजमर्रा के छोटे-छोटे खर्चों के लिए अब भी कैश या पैरेंट्स के फोन पर निर्भर रहते हैं। अब बच्चे अपने मोबाइल से ही स्कूल-कॉलेज कैंटीन, मोबाइल रिचार्ज, मेट्रो टिकट, ऑनलाइन शॉपिंग और कैब बुकिंग जैसी जरूरतों का भुगतान आसानी से कर पाएंगे।
इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि बच्चों को हर बार पेमेंट करने के लिए पैरेंट्स से OTP मांगने या उनका फोन लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक बार एक्टिवेशन के बाद बच्चे सीधे अपने फोन से QR स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे, जबकि पूरा कंट्रोल पैरेंट्स के हाथ में रहेगा।
Paytm ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें कई इन-बिल्ट सेफ्टी फीचर्स भी जोड़े हैं। शुरुआती 30 मिनट तक केवल 500 रुपए तक का ट्रांजैक्शन संभव होगा, जबकि पहले 24 घंटे में अधिकतम 5000 रुपए तक ही भुगतान किया जा सकेगा। इसके अलावा इंटरनेशनल पेमेंट और कैश विड्रॉल जैसी सुविधाओं को पूरी तरह ब्लॉक रखा गया है।
यह सुविधा NPCI के “UPI Circle” सिस्टम पर आधारित है। इसके जरिए परिवार का मुख्य अकाउंट होल्डर किसी ऐसे सदस्य को सीमित डिजिटल पेमेंट एक्सेस दे सकता है, जिसके पास खुद का बैंक अकाउंट नहीं है। यानी बैंकिंग कंट्रोल पूरी तरह पैरेंट्स के पास रहेगा, लेकिन बच्चे डिजिटल इंडिया का हिस्सा बन सकेंगे।
Paytm ने बच्चों के खर्च को समझने और कंट्रोल करने के लिए “Spend Summary” फीचर भी जोड़ा है। यह सिस्टम हर ट्रांजैक्शन को अलग-अलग कैटेगरी में बांटकर दिखाएगा, जिससे परिवार यह समझ पाएंगे कि पैसा कहां और कितना खर्च हो रहा है। इससे बच्चों में छोटी उम्र से ही जिम्मेदार फाइनेंशियल आदतें विकसित करने में मदद मिलेगी।
कंपनी ने मंथली ट्रांजैक्शन लिमिट अधिकतम 15 हजार रुपए तय की है, जबकि एक बार में 5000 रुपए तक का पेमेंट किया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर पैरेंट्स अपने UPI PIN के जरिए तुरंत लिमिट बदल सकते हैं या बच्चों की एक्सेस बंद कर सकते हैं।
भारत में तेजी से बढ़ते डिजिटल पेमेंट कल्चर के बीच Paytm का यह नया फीचर बच्चों को डिजिटल फाइनेंस की दुनिया से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब जेब खर्च भी पूरी तरह डिजिटल होने की तरफ बढ़ रहा है।