छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से जुड़ी एक भाजपा नेत्री के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि कारोबारी ने पहले निवेश और मुनाफे का सपना दिखाकर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं, फिर भरोसे का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म किया और बाद में ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार भाजपा नेत्री बिलासपुर के सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली हैं और उनका दिल्ली आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई। आरोपी ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए माइनिंग सेक्टर में निवेश पर भारी मुनाफे का दावा किया। धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और कारोबारी ने महिला को व्यापार में साझेदारी का भरोसा दिलाया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने विश्वास का फायदा उठाकर सितंबर 2025 में दिल्ली में उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि घटना के बाद आरोपी लगातार उन्हें ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि कारोबारी न सिर्फ दबाव बनाता रहा बल्कि पैसों की मांग भी करता रहा, जिससे महिला मानसिक रूप से काफी परेशान हो गईं।
शिकायत में भाजपा नेत्री ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उनसे अलग-अलग किश्तों में करीब ढाई करोड़ रुपए निवेश के नाम पर लिए। बताया गया कि रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर करवाई गई। कारोबारी ने कथित तौर पर कैश में निवेश कर बड़ा रिटर्न दिलाने का झांसा दिया था। लेकिन जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तब आरोपी का व्यवहार बदल गया और वह कथित तौर पर धमकी व अवैध वसूली पर उतर आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच तेज कर दी है। जांच एजेंसियां मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल सबूतों की पड़ताल कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक आरोपी की तलाश में पुलिस टीम झारखंड भी पहुंची थी, लेकिन फिलहाल वह गिरफ्तारी से बाहर बताया जा रहा है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसमें राजनीतिक पहचान, करोड़ों रुपए का निवेश, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग जैसे कई गंभीर आरोप एक साथ जुड़े हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने केवल एक महिला को निशाना बनाया या उसके खिलाफ पहले भी इसी तरह की शिकायतें रही हैं।
फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।