छत्तीसगढ़ के Durg जिले से शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित एक घर में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पति-पत्नी के शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े हुए थे। इस दृश्य को देखकर आसपास के लोग और पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उसमें पारिवारिक तनाव और परेशानियों का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की पूरी सामग्री सार्वजनिक नहीं की है।
स्थानीय लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि परिवार कुछ समय से आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि आर्थिक दबाव और घरेलू तनाव के कारण परिवार काफी परेशान था। इसी आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घर से मिले सबूत, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ जारी है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
मोहन नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे केवल आर्थिक तंगी थी या कोई और वजह भी शामिल है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। एक साथ पूरे परिवार की मौत ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है।