छत्तीसगढ़ के Gariaband जिले में Devbhog Police ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 156.06 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग ऑपरेशन में दो कारों को जब्त करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। बरामद गांजा और वाहनों की कुल कीमत करीब ₹86.53 लाख बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा सीमा से भारी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना के बाद देवभोग पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पहली कार्रवाई ग्राम मुरलीगुड़ा-डोंगरीपारा मार्ग पर की गई। यहां पुलिस ने Maruti Suzuki Swift Dzire को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश में कार को नीम के पेड़ से टकरा दिया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन में सवार आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से तीन प्लास्टिक बोरियों में 80 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹40 लाख बताई गई है।
दूसरी कार्रवाई पुलिया के पास की गई, जहां पुलिस ने Maruti Suzuki S-Cross को रोका। जांच में वाहन से चार बोरियों में 76.06 किलो गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹38.03 लाख बताई गई।
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 156.06 किलो गांजा और दोनों कारों को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल राजपूत (21), संजय बामने (23), अनिकेत उर्फ अंकित पाल (26) और साहिल खान (22) शामिल हैं, जो मध्यप्रदेश के भोपाल निवासी बताए गए हैं। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
Chhattisgarh Police ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।