Meta Pixel

लखपति दीदी योजना ने बदली महिलाओं की जिंदगी

Spread the love

दुर्ग, 25 मई 2026/जिले के विकासखंड दुर्ग अंतर्गत क्लस्टर अण्डा के ग्राम पंचायत चंदखुरी की निवासी श्रीमती लता देवांगन ने स्व सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनाई है। वर्ष 2019 में गठित “आरती स्व सहायता समूह” से जुड़ने के बाद उन्होंने सिलाई एवं कृषि कार्य के माध्यम से अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। समूह में कुल 10 सदस्य हैं तथा समूह की अध्यक्ष श्रीमती ईश्वरी देशमुख हैं। समूह के माध्यम से नियमित बचत एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया। लता देवांगन ने आर.एफ. से प्राप्त 15 हजार रुपये की सहायता राशि से सिलाई कार्य को आगे बढ़ाया। प्रारंभिक दौर में उनकी वार्षिक आय सिलाई से लगभग 5 हजार रुपये तथा कृषि से लगभग 10 हजार रुपये थी।
लखपति अभिसरण अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग से उन्हें सुगंधित धान उत्पादन का लाभ प्राप्त हुआ, जिससे खेती की आय में बढ़ोतरी हुई। वर्तमान में वे सिलाई कार्य से लगभग 3 हजार रुपये प्रतिमाह तथा कृषि कार्य से लगभग 10 हजार रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रही हैं। इस प्रकार उनकी वार्षिक आय बढ़कर लगभग 1 लाख 56 हजार रुपये हो गई है। श्रीमती लता देवांगन ने बताया गया कि स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। पहले सीमित आय के कारण परिवार चलाने में कठिनाइयां आती थीं, लेकिन समूह से मिली आर्थिक सहायता एवं योजनाओं के लाभ से उन्होंने अपने कार्य को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अब वे आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और अन्य महिलाओं को भी समूह से जुड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *