छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी और देश में हुए बदलावों की खुलकर सराहना की। मुख्यमंत्री की यह मुलाकात राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से अहम मानी जा रही है।
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष Nitin Nabin से भी चर्चा की। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री मोदी से हुई मुलाकात और उसके बाद किए गए मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया पोस्ट की हो रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को “प्रधान सेवक” बताते हुए लिखा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नई मिसाल देखी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास, सुरक्षा और विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने खास तौर पर छत्तीसगढ़ और बस्तर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि जो इलाके कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित थे, वहां अब विकास और विश्वास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल कनेक्टिविटी और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार अब दूरस्थ आदिवासी अंचलों तक पहुंच चुका है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।
साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं को गरीबों, किसानों, युवाओं और मातृशक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने में केंद्र सरकार की योजनाओं की बड़ी भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए उनके नेतृत्व को प्रेरणादायी बताया।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह दौरा सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के विकास, संगठनात्मक रणनीति और केंद्र-राज्य समन्वय से भी जोड़कर देखा जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब भाजपा देशभर में मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को बड़े अभियान के रूप में जनता तक पहुंचाने की तैयारी में जुटी हुई है।