Meta Pixel

सीएम हेल्पलाइन योजना के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

Spread the love

दुर्ग, 26 मई 2026/ आम नागरिकों से प्राप्त शिकायत, समस्या एवं योजनाओं से संबंधित आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के रूप में ऐसी व्यवस्था विकसित की गई है, जहां जनता की आवाज सीधे शासन तक पहुंचेगी।
कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की उपस्थिति में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सीएम हेल्पलाइन 1076 के सुचारू संचालन सुनिश्चित किये जाने हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (व्ही.सी.) के माध्यम से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े।
सीएम हेल्पलाइन सुशासन अभिसरण विभाग के सलाहकार श्री अनुराग दीवान ने बताया कि सीएम हेल्पलाईन अंतर्गत शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके साथ ही शिकायतकर्ता का फीडबैक लिया जाएगा। समाधान होने के बाद संबंधित नागरिक से सीधे संपर्क कर उसकी प्रतिक्रिया ली जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि समस्या का वास्तव में समाधान हुआ है या नहीं। व्यक्ति अगर समाधान से संतुष्ट होता है, तभी शिकायत का पूर्ण निराकरण माना जाएगा। लेकिन यदि कोई असंतुष्ट है तो शिकायत स्वतः सक्रिय हो जाएगी। सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के संबंध में प्रेजेन्टेशन के माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों को विस्तार पूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।
सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के तहत प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 सहित वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप जैसे किसी भी माध्यम से कॉल करके 24 घंटे सातों दिन अपनी शिकायत आसानी से दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होते ही उन्हें एक टोकन संख्या मिलेगी। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी समय-सीमा में निराकरण करेंगे और यदि शिकायतकर्ता के आवेदन उस विभाग से संबंधित नही है तो तीन दिवस के भीतर उन्हें संबंधित विभाग को ट्रांसफर करना होगा। यह पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी होगी। जिसमें हर स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और शिकायतों के अनावश्यक लंबित रहने की संभावना नहीं होगी। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी। इससे आम नागरिकों की समस्याओं का तेजी से निराकरण सुनिश्चित होगा।
कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना शासन और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी। इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण अधिक पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा। इससे लोगों को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही और दक्षता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ई-ऑफिस प्रणाली के प्रारंभिक क्रियान्वयन में कुछ समय लगा, लेकिन बाद में वह सुचारू एवं प्रभावी रूप से संचालित होने लगी, उसी प्रकार सी.एम. हेल्पलाइन से आम जनता को बेहतर सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, जिला पंचायत सीईओ श्री बजरंग दुबे, नगर निगम दुर्ग आयुक्त श्री सुमित अग्रवाल, नगर निगम रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, नगर निगम चरोदा आयुक्त श्री दशरथ राजपूत, संयुक्त कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सिल्ली थॉमस, एसडीएम धमधा श्री सोनाल डेविड, एसडीएम भिलाई 3 श्री महेश राजपूत, डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव, सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *