आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में Royal Challengers Bengaluru ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Gujarat Titans को हराकर फाइनल में धमाकेदार एंट्री कर ली। लेकिन इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में सिर्फ बल्लेबाजी और गेंदबाजी ही चर्चा में नहीं रही, बल्कि Virat Kohli की मस्ती ने भी सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया।
मैच शुरू होने से पहले मैदान पर एक मजेदार पल देखने को मिला। गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी टीम फोटो खिंचवा रहे थे, तभी बल्लेबाजी के लिए तैयार बैठे विराट कोहली उन्हें मजाकिया अंदाज में छेड़ते नजर आए। विराट ने खिलाड़ियों की तरफ देखकर फनी इशारे किए, जिसे देखकर उनके साथी खिलाड़ी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। स्टेडियम में मौजूद फैंस ने भी इस हल्के-फुल्के अंदाज का खूब आनंद लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस विराट के फन मूड की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
हालांकि मैदान पर आते ही आरसीबी ने पूरी गंभीरता के साथ गुजरात टाइटंस पर दबाव बना दिया। कप्तान Rajat Patidar ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 9 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। खास बात यह रही कि उन्होंने कुलवंत खेजरोलिया के एक ओवर में 28 रन बटोरकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। विराट कोहली और Krunal Pandya ने भी 43-43 रन की अहम पारियां खेलीं। गुजरात की ओर से Jason Holder ने 2 विकेट जरूर लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज आरसीबी के बल्लेबाजों के सामने बेबस नजर आए।
255 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही Sai Sudharsan, Shubman Gill और Jos Buttler जैसे बड़े विकेट गंवा दिए। लगातार विकेट गिरने की वजह से गुजरात कभी मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर सिमट गई।
हालांकि Rahul Tewatia ने 43 गेंदों में 68 रन की लड़ाकू पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके। मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने हार के लिए खराब फील्डिंग को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने माना कि टीम ने आसान कैच छोड़े और ग्राउंड फील्डिंग में भी कई गलतियां कीं।
इस जीत के साथ आरसीबी ने आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली है और अब टीम ट्रॉफी जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। वहीं विराट कोहली का मजाकिया अंदाज भी फैंस के बीच लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।