Union Public Service Commission यानी UPSC ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 की आधिकारिक आंसर-की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थी अब UPSC Official Website पर जाकर जनरल स्टडीज पेपर-1 और CSAT यानी GS पेपर-2 की आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं।
इस बार आयोग ने एक बड़ा बदलाव करते हुए परीक्षा खत्म होने के महज तीन दिन बाद ही आंसर-की जारी कर दी है। गौरतलब है कि UPSC प्रीलिम्स परीक्षा 24 मई 2026 को आयोजित हुई थी। इससे पहले आयोग आमतौर पर पूरी भर्ती प्रक्रिया खत्म होने और अंतिम परिणाम आने के बाद ही आंसर-की जारी करता था।
इस साल UPSC प्रीलिम्स परीक्षा देशभर के 2000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 5.5 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। आयोग ने GS पेपर-1 और GS पेपर-2 (CSAT) दोनों की आंसर-की अलग-अलग जारी की है। उम्मीदवार सेट A, B, C और D के लिए जारी संयुक्त PDF फाइल डाउनलोड करके अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।
आंसर-की डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर मौजूद “Answer Key” टैब या “What’s New” सेक्शन में जाकर “Civil Services (Preliminary) Examination 2026” लिंक पर क्लिक करना होगा। वहां GS पेपर-1 और GS पेपर-2 की PDF फाइल उपलब्ध होगी।
आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने उत्तरों का मिलान कर लें और अगर किसी प्रश्न को लेकर आपत्ति हो तो समय रहते प्रक्रिया पूरी करें।
इसके अलावा उम्मीदवार प्रश्न पत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के “Examinations” सेक्शन में जाकर “Previous Question Papers” विकल्प चुनना होगा। वहां “Civil Services (Preliminary) Examination 2026” के तहत GS पेपर-1 और GS पेपर-2 दोनों के प्रश्न पत्र उपलब्ध हैं।
UPSC का यह फैसला अभ्यर्थियों के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अब उम्मीदवार परीक्षा के तुरंत बाद अपने प्रदर्शन का आकलन कर सकेंगे और मेन्स की तैयारी को लेकर जल्दी रणनीति बना पाएंगे।