Meta Pixel

रिलीज से पहले विवादों में फंसी वरुण धवन की फिल्म! ‘है जवानी तो इश्क होना है’ पर 400 करोड़ का मुकदमा

Spread the love

Hai Jawani To Ishq Hona Hai रिलीज से पहले ही बड़े कानूनी विवाद में घिर गई है। बॉलीवुड निर्माता Vashu Bhagnani ने फिल्म के निर्माताओं और निर्देशक David Dhawan के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में 400 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। विवाद की वजह बनी है Biwi No.1 के सुपरहिट गानों का कथित बिना अनुमति इस्तेमाल।

पूजा एंटरटेनमेंट का आरोप है कि फिल्म में ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ जैसे लोकप्रिय गानों का इस्तेमाल बिना वैध इजाजत के किया गया है। इस मामले में Tips Industries, रमेश तौरानी, कुमार एस तौरानी और डेविड धवन को पक्षकार बनाया गया है।

याचिका में अदालत से फिल्म की रिलीज, वितरण, थिएटर प्रदर्शन, स्ट्रीमिंग और प्रमोशनल कंटेंट पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही फिल्म से जुड़े टीजर, ट्रेलर और विवादित गानों वाले सभी प्रचार सामग्री को हटाने की भी मांग की गई है।

पूजा एंटरटेनमेंट की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता वी.के. दुबे का कहना है कि यह विवाद काफी समय से चल रहा था और संगीत अधिकारों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन पाई थी। उनके मुताबिक पुराने एग्रीमेंट्स में टिप्स इंडस्ट्रीज को केवल ऑडियो राइट्स दिए गए थे, विजुअल राइट्स नहीं।

दुबई ने दावा किया कि साल 2018 में Tips Industries ने विजुअल राइट्स लेने के लिए ईमेल के जरिए संपर्क किया था, लेकिन बातचीत किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंची। बाद में पूजा एंटरटेनमेंट ने नोटिस जारी कर कथित तौर पर पहले दिए गए अधिकार भी रद्द कर दिए थे।

विवाद सिर्फ गानों तक सीमित नहीं है। पूजा एंटरटेनमेंट ने फिल्म के टाइटल ‘है जवानी तो इश्क होना है’ पर भी आपत्ति जताई है। कंपनी का कहना है कि यह नाम ‘इश्क सोना है’ गाने से प्रेरित है, इसलिए फिल्म का टाइटल भी बदला जाना चाहिए। इतना ही नहीं, अगर गानों और टाइटल का इस्तेमाल बंद नहीं किया गया तो अतिरिक्त 100 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग भी की गई है।

दूसरी तरफ Tips Industries के प्रमुख Ramesh Taurani ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। कंपनी का कहना है कि उनके पास संबंधित गानों के संगीत और ऑडियो अधिकार वैध रूप से मौजूद हैं।

डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में Varun Dhawan, Pooja Hegde और Mrunal Thakur मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन अब इस कानूनी विवाद के बाद इसकी रिलीज पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

अब सभी की नजर बॉम्बे हाई कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी है, क्योंकि अदालत का फैसला फिल्म की रिलीज और भविष्य दोनों पर बड़ा असर डाल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *