Meta Pixel

अब WhatsApp-Instagram चलाने के लिए देने पड़ सकते हैं पैसे! Meta ला रहा ‘Plus’ वर्जन

Spread the love

Meta Platforms अब अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नए बिजनेस मॉडल की तरफ ले जा रहा है। कंपनी ने Instagram, Facebook और WhatsApp के लिए नए ‘प्लस’ सब्सक्रिप्शन प्लान्स लॉन्च करने का ऐलान किया है। इन प्लान्स के जरिए यूजर्स को कई प्रीमियम फीचर्स और एडवांस कस्टमाइजेशन टूल्स मिलेंगे, लेकिन इसके लिए अलग से पैसे देने होंगे।

कंपनी का कहना है कि यह कदम विज्ञापनों पर निर्भरता कम करने और कमाई के नए स्रोत तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है। हालांकि Meta ने साफ किया है कि ये नए प्लस प्लान उसके मौजूदा ‘Meta Verified’ प्लान की जगह नहीं लेंगे।

फिलहाल इन नए सब्सक्रिप्शन प्लान्स की घोषणा ग्लोबल लेवल पर की गई है, लेकिन भारत में इन्हें कब लॉन्च किया जाएगा, इसकी तारीख अभी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि भारत जैसे बड़े मार्केट में Meta इन्हें फेज़ वाइज रोलआउट कर सकता है।

Instagram Plus और Facebook Plus में यूजर्स को कई ऐसे फीचर्स मिलने वाले हैं, जो अभी तक उपलब्ध नहीं थे। सबसे चर्चित फीचर है स्टोरी कंट्रोल। अभी इंस्टाग्राम और फेसबुक स्टोरी 24 घंटे बाद गायब हो जाती है, लेकिन प्लस यूजर्स अपनी स्टोरी को ज्यादा समय तक प्रोफाइल पर रख सकेंगे।

इसके अलावा यूजर्स अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग “क्लोज फ्रेंड्स” लिस्ट बना पाएंगे। यानी अब यह तय करना आसान होगा कि कौन सी फोटो या वीडियो किस ग्रुप को दिखानी है।

Meta एक ऐसा फीचर भी ला रहा है जिससे यूजर किसी की स्टोरी देख सकेगा, लेकिन सामने वाले को पता नहीं चलेगा। यानी आपका नाम स्टोरी व्यूअर्स लिस्ट में दिखाई नहीं देगा। साथ ही अपनी स्टोरी देखने वालों को सर्च करने का विकल्प भी मिलेगा।

प्रोफाइल कस्टमाइजेशन को भी नया रूप दिया जा रहा है। यूजर्स को नए फॉन्ट्स, “सुपर हार्ट” रिएक्शन और अलग-अलग ऐप आइकॉन चुनने का ऑप्शन मिलेगा। इसके अलावा कोई भी फोटो या वीडियो सीधे प्रोफाइल या हाइलाइट्स में सेव किया जा सकेगा, बिना दोस्तों के होमपेज पर नया पोस्ट दिखाए।

वहीं WhatsApp Plus पूरी तरह मैसेजिंग और पर्सनलाइजेशन पर फोकस करेगा। इसमें यूजर्स को कस्टम थीम्स, अलग रिंगटोन्स, ज्यादा पिन चैट्स, प्रीमियम स्टिकर्स और चैट लिस्ट कस्टमाइजेशन जैसे फीचर्स मिलेंगे।

Meta अपने AI प्लेटफॉर्म के लिए भी दो नए प्लान टेस्ट कर रहा है। Meta One Plus प्लान करीब 770 रुपये महीने और Meta One Premium प्लान करीब 1900 रुपये महीने का होगा। प्रीमियम प्लान में ज्यादा एडवांस AI फीचर्स, डीपर रीजनिंग और हाई क्वालिटी वीडियो-इमेज जनरेशन की सुविधा मिलेगी।

क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए भी अलग महंगे प्लान तैयार किए गए हैं। इनमें वेरिफाइड बैज, फेक अकाउंट प्रोटेक्शन, फेसबुक फीड में ज्यादा विजिबिलिटी, ऑटो फॉलो इनविटेशन और एडवांस एनालिटिक्स टूल्स जैसे फीचर्स शामिल होंगे।

दरअसल सोशल मीडिया कंपनियों का बिजनेस मॉडल तेजी से बदल रहा है। पहले फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सएप पूरी तरह मुफ्त थे क्योंकि कंपनियां विज्ञापनों और यूजर डेटा से अरबों कमाती थीं। लेकिन अब प्राइवेसी नियम सख्त होने और नए यूजर्स की ग्रोथ धीमी पड़ने के बाद कंपनियां सीधे यूजर्स से कमाई बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर “फ्री यूजर” और “पेड यूजर” के बीच का अंतर और ज्यादा बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *