National Testing Agency ने NEET UG 2026 से जुड़े लाखों छात्रों को बड़ी राहत दी है। एजेंसी ने परीक्षा शुल्क रिफंड के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी है। यह फैसला उन अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जो अब तक अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं कर पाए थे।
दरअसल NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद एजेंसी ने 21 जून को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया। साथ ही यह भी साफ किया गया कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी और पहले जमा किया गया परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा।
पहले उम्मीदवारों को 22 मई से 26 मई तक बैंक खाते की जानकारी जमा करने का मौका दिया गया था, लेकिन बड़ी संख्या में छात्र यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए। NTA के अनुसार अब तक करीब 13 लाख उम्मीदवार अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट कर चुके हैं।
एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी नोटिस में कहा कि जिन छात्रों ने अब तक जानकारी जमा नहीं की है, उन्हें अतिरिक्त समय देने के लिए यह सुविधा 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक NEET UG 2026 पोर्टल पर लॉगिन कर रिफंड लिंक के जरिए अपने बैंक खाते की जानकारी सही तरीके से भरें। एजेंसी ने यह भी कहा है कि छात्र चाहें तो डिटेल्स की पुष्टि के लिए कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं।
हालांकि NTA ने साफ चेतावनी दी है कि एक बार बैंक डिटेल्स जमा हो जाने के बाद उसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इसलिए छात्रों को सभी जानकारी बेहद सावधानी से भरने की सलाह दी गई है।
इस साल NEET UG 2026 के लिए करीब 23 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल Central Bureau of Investigation कर रही है। देशभर के मेडिकल अभ्यर्थियों की नजर अब 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा पर टिकी हुई है।