Meta Pixel

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी करेंगे BJP विधायक…!!

Spread the love

छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना इस बार राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गई है। वजह है बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू की शादी, जो 31 मई को होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में होने जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि, गरीबों के हक पर डाका डाला जा रहा है। क्या विधायक इस योजना के लिए पात्र हैं। इसके जवाब में विधायक दीपेश साहू ने मीडिया से कहा कि इस योजना में देखा जाता है कि लड़की BPL (बिलो पॉवर्टी लाइन) परिवार से है या नहीं। उन्होंने कहा कि जिनसे वे शादी करने जा रहे हैं, वे BPL परिवार से हैं।

साथ ही उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत मिलने वाली राशि को वे मेधावी छात्राओं को देंगे। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा कि दीपेश साहू का फैसला सादगी, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी सोच का प्रेरक उदाहरण है। विवाह को आडंबर नहीं, बल्कि संस्कार और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का संदेश है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में 24 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। इन्हीं में भाजपा विधायक दीपेश साहू भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव समेत कई मंत्री शामिल होने वाले हैं।

बैज बोले- गरीबों के हक पर डाका

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विधायक की शादी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक पर डाका डाला जा रहा है। यह योजना आम लोगों के लिए है, किसी विधायक के लिए नहीं। कांग्रेस इसे योजना के दायरे और पात्रता से जोड़कर सवाल उठा रही है। वहीं BJP इसे व्यक्तिगत निर्णय बता रही है।

दीपेश साहू बोले- लड़की बीपीएल परिवार से

कांग्रेस के आरोपों पर विधायक दीपेश साहू ने मीडिया से कहा कि यह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना है और इसमें देखा जाता है कि लड़की बीपीएल परिवार से है या नहीं। उन्होंने कहा कि जिनसे वे शादी करने जा रहे हैं, वे बीपीएल परिवार से हैं।

विधायक ने यह भी कहा कि सामूहिक विवाह योजना के तहत जो राशि मिलेगी, उसे वे मेधावी छात्राओं को दे देंगे।

मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विधायक दीपेश साहू का मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह में शादी करने का निर्णय सादगी और सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि यह कदम समाज को सरल और संस्कारित जीवन मूल्यों की दिशा में प्रेरित करेगा। मुख्यमंत्री ने दीपेश साहू और उनकी होने वाली जीवनसंगिनी को नवदांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

पहली बार किसी विधायक की सामूहिक विवाह में शादी

प्रदेश में यह पहली बार कोई विधायक मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी करने जा रहा है। इसी वजह से यह आयोजन राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तर पर चर्चा में है।

क्या है मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना

छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर, निराश्रित और गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए चलाई जाती है। योजना के तहत सामूहिक विवाह में शामिल प्रत्येक कन्या को 50 हजार रुपए तक की सहायता दी जाती है।

इसमें 35 हजार रुपए वधु के नाम बैंक ड्राफ्ट के रूप में दिए जाते हैं। 7 हजार रुपए तक गृहस्थी का सामान और उपहार दिए जाते हैं, जबकि करीब 8 हजार रुपए आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।

योजना की पात्रता क्या कहती है?

योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलता है, जो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हों और BPL या मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के पात्र हो। साथ ही वधु की उम्र 18 साल या उससे अधिक होना जरूरी है। एक परिवार की अधिकतम 2 बेटियों को ही योजना का लाभ दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *