Meta Pixel

कोयले में हेराफेरी करने वाले तीन आरोपी पकड़े गए:जांजगीर-चांपा में 115 टन कोयला और 3 ट्रेलर जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

Spread the love

जांजगीर-चांपा में चांपा पुलिस ने कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने के आरोप में तीन ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है। यह कोयला प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीआईएल) चांपा के लिए भेजा जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला और तीन ट्रेलर जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीआईएल चांपा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई को चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि भास्करपारा कोल माइंस, सूरजपुर से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में कोयला पीआईएल चांपा भेजा गया था। ये वाहन 25 मई को रवाना हुए और 27 मई को प्लांट पहुंचे।

आरएमएच विभाग में कोयले की क्वालिटी पर सवाल

जब कोयला आरएमएच विभाग में खाली किया गया तो उसकी क्वालिटी ठीक नहीं पाई गई और उसमें मिलावट का शक हुआ। जांच में पता चला कि कोयले में मिलावट की गई थी।

पुलिस पूछताछ में वाहन चालकों ने बताया कि उन्होंने अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में ट्रेलर से अच्छा कोयला उतार दिया था और उसकी जगह खराब क्वालिटी वाला कोयला भरकर प्लांट में पहुंचा दिया था।

शिकायत के आधार पर चांपा थाने में अपराध क्रमांक 269/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने गणेश कोल डिपो अमझर में दबिश दी और बदला गया लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला और तीनों ट्रेलर जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के गढ़वा निवासी शेख सरफरोज (35 वर्ष), अजमत अंसारी (32 वर्ष) और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी रामचंद्र (30 वर्ष) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *