कोरबा – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरका दांड गांव में शनिवार शाम एक हादसा हो गया। मौसम खराब होने और तेज आंधी-तूफान के बीच तीन युवक बारिश से बचने के लिए एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान पेड़ की एक विशाल डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई।
तीन युवकों की हुई मौत
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में शिवराम टेकाम (14 वर्ष), कमलेश बड़ा (18 वर्ष) और दिनेश तिर्की (17 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक एक ही गांव के निवासी और आपस में साथी बताए जा रहे हैं।
परिजनों का रो-रो बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों युवकों की जान जा चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पूरे इलाके में शोक का माहौल
बताया जा रहा है कि, शनिवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था। जिले के कई क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और तूफान देखने को मिला, जिसके बीच यह दुखद हादसा सामने आया। मौसम की मार ने एक ही गांव के तीन युवकों की जिंदगी छीन ली, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।