पेंड्रा – छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश की सीमा से सटे अमरकंटक इलाके में शनिवार 30 मई शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। नगर परिषद अमरकंटक के वार्ड क्रमांक 02 बराती क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी घायल हो गई।
अचानक आकाशीय बिजली गिरी
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 02 बराती में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के समापन के बाद भंडारे का प्रसाद वितरण कार्यक्रम चल रहा था। प्रसाद ग्रहण कर 18 वर्षीय हर्ष टांडिया, 17 वर्षीय आरती वर्मा और 17 वर्षीय राधा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में तीनों आ गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने हर्ष टांडिया और आरती वर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल राधा का उपचार अस्पताल में जारी है।
आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हो रही थी और लगातार आसमानी बिजली चमक रही थी। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से यह दुखद हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।