Meta Pixel

‘काला हिरण’ फिल्म पर बवाल: सलमान खान ने भेजा लीगल नोटिस! प्रोडक्शन और प्रमोशन रोकने की मांग से मचा हड़कंप

Spread the love

Salman Khan से जुड़े बहुचर्चित काला हिरण शिकार मामले पर बनने जा रही फिल्म ‘काला हिरण’ अब रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान की ओर से फिल्म के निर्माताओं को लीगल नोटिस भेजा गया है, जिसमें फिल्म के प्रोडक्शन और प्रमोशन को तुरंत रोकने की मांग की गई है। इस खबर के सामने आने के बाद बॉलीवुड और सोशल मीडिया में जबरदस्त हलचल मच गई है।

रिपोर्ट के अनुसार सलमान खान की ओर से लॉ फर्म DSK लीगल ने कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को नोटिस भेजा है। यह नोटिस 24 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था। इसमें कहा गया है कि प्रस्तावित फिल्म ‘काला हिरण’ कथित तौर पर सलमान खान के 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है, जिससे अभिनेता की छवि प्रभावित हो सकती है और चल रही कानूनी प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है।

सलमान की लीगल टीम का दावा है कि अभिनेता ने अपने नाम, पहचान या उनसे जुड़े किसी भी कथित घटनाक्रम के इस्तेमाल की कोई अनुमति नहीं दी है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि फिल्म उनके व्यक्तिगत अधिकारों का उल्लंघन कर सकती है।

गौरतलब है कि हाल ही में फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर रिलीज किया गया था और मेकर्स ने घोषणा की थी कि इसका टीजर और फर्स्ट लुक 20 जून को जारी किया जाएगा। पोस्टर सामने आते ही यह चर्चा तेज हो गई थी कि फिल्म में सलमान खान और गैंगस्टर Lawrence Bishnoi के बीच चल रहे विवाद को दिखाया जाएगा।

फिल्म के निर्माता अमित जानी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म की कहानी 1998 के जोधपुर कांकाणी काला हिरण शिकार मामले, कोर्टरूम ड्रामा और लॉरेंस बिश्नोई व सलमान खान के बीच विवाद पर आधारित है। उन्होंने कहा था कि फिल्म की शूटिंग संभल, मुरादाबाद और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में की गई है।

फिल्म के पोस्टर के मुताबिक इसका निर्देशन भारत एस. श्रीनेत कर रहे हैं। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि फिल्म में मुख्य भूमिका कौन निभा रहा है। पोस्टर में दिखा अभिनेता नया चेहरा बताया जा रहा है।

दरअसल, सलमान खान से जुड़ा काला हिरण शिकार मामला साल 1998 में सामने आया था, जब वह फिल्म Hum Saath-Saath Hain की शूटिंग के लिए जोधपुर में मौजूद थे। इस मामले में सलमान के खिलाफ कई केस दर्ज किए गए थे, जिनमें कांकाणी काला हिरण शिकार मामला सबसे चर्चित रहा।

बिश्नोई समुदाय की शिकायत पर सलमान के साथ Saif Ali Khan, Tabu, Sonali Bendre और Neelam Kothari के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया था। बाद में बाकी कलाकारों को बरी कर दिया गया, जबकि 2018 में सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई गई थी। फिलहाल यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है और सलमान जमानत पर बाहर हैं।

इस पूरे विवाद को और ज्यादा गंभीर तब माना गया जब लॉरेंस बिश्नोई ने सार्वजनिक रूप से सलमान खान के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। साल 2023 में जेल से दिए एक इंटरव्यू में उसने सलमान को लेकर विवादित बयान दिया था। इसके बाद 2024 में मुंबई स्थित सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली थी।

अब फिल्म ‘काला हिरण’ पर भेजे गए लीगल नोटिस के बाद यह मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है। सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि फिल्म के मेकर्स आगे क्या फैसला लेते हैं और क्या 20 जून को फिल्म का टीजर रिलीज हो पाएगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *