Chhattisgarh Board of Secondary Education यानी CGBSE ने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षाओं का विस्तृत टाइम टेबल जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में असफल रहे या अपने अंकों में सुधार करना चाहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह बड़ा मौका माना जा रहा है। बोर्ड ने इस परीक्षा को द्वितीय मुख्य एवं अवसर परीक्षा का नाम दिया है।
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 12वीं की पूरक परीक्षाएं 8 जुलाई 2026 से शुरू होकर 22 जुलाई 2026 तक चलेंगी। वहीं 10वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षाएं 9 जुलाई से शुरू होकर 21 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक एक ही पाली में आयोजित होंगी।
12वीं की परीक्षा हिंदी विषय से शुरू होगी। इसके बाद अलग-अलग विषयों की परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएंगी। 10 जुलाई को अंग्रेजी, 11 जुलाई को संस्कृत, 15 जुलाई को भूगोल और भौतिक विज्ञान, 17 जुलाई को राजनीति विज्ञान, रसायन विज्ञान और लेखाशास्त्र, 21 जुलाई को गणित और 22 जुलाई को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, कंप्यूटर एप्लीकेशन सहित अन्य विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
वहीं 10वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 9 जुलाई को गणित विषय से शुरू होगी। इसके बाद 11 जुलाई को हिंदी, 14 जुलाई को अंग्रेजी, 16 जुलाई को विज्ञान और 18 जुलाई को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। 20 जुलाई को संस्कृत, मराठी, उर्दू, पंजाबी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु और तमिल जैसे तृतीय भाषा विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 21 जुलाई को संगीत और ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा होगी।
बोर्ड ने परीक्षा दिवस के लिए भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा कक्ष में पहुंचना अनिवार्य होगा। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी, जबकि 9:10 बजे प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को उत्तर लिखने के लिए 9:15 बजे से 12:15 बजे तक का समय मिलेगा।
CGBSE ने साफ किया है कि यदि परीक्षा अवधि के दौरान कोई स्थानीय या सार्वजनिक अवकाश पड़ता है, तब भी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने यह भी कहा है कि निजी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक और प्रोजेक्ट परीक्षाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों द्वारा आयोजित कराई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर प्रैक्टिकल परीक्षाएं छुट्टी के दिन भी ली जा सकती हैं।
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, क्योंकि किसी आपात स्थिति में परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है।