आईपीएल 2026 फाइनल के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने करोड़ों क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया था। वीडियो में विराट कोहली और 15 साल के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी बातचीत करते नजर आए थे, लेकिन उस वक्त वीडियो में आवाज नहीं थी। अब दो दिन बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उस वायरल पल का पूरा ऑडियो जारी कर दिया है, जिसने क्रिकेट प्रेमियों को और भी ज्यादा भावुक और उत्साहित कर दिया।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 फाइनल के बाद रिकॉर्डिंग किए गए इस 43 सेकेंड के वीडियो में विराट कोहली युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जिंदगी और क्रिकेट दोनों का बड़ा मंत्र देते दिखाई दे रहे हैं। विराट ने वैभव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें अब यहां से और ऊपर जाना है और लोगों की बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए।
वीडियो में विराट कोहली कहते सुनाई दे रहे हैं, “यहां से ऊपर जाना है। जो हुआ है वो मेहनत और बिलीफ की वजह से हुआ है। कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है… एक बिहारी सब पर भारी। खत्म गेम।”
कोहली की यह लाइन सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गई है। क्रिकेट फैंस इस बातचीत को भारतीय क्रिकेट की नई पीढ़ी को मिला सबसे खास मोटिवेशन बता रहे हैं। वीडियो में वैभव सूर्यवंशी भी बेहद ध्यान से विराट की हर बात सुनते नजर आते हैं।
आरसीबी ने वीडियो शेयर करते हुए भावुक कैप्शन भी लिखा। फ्रेंचाइजी ने कहा कि जिस खिलाड़ी ने भारतीय क्रिकेट को निडर बनाना सिखाया, वही अब उस युवा खिलाड़ी को मार्गदर्शन दे रहा है जो मैदान पर बिना डर के बल्लेबाजी करता है। आरसीबी ने लिखा कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को विराट कोहली से बेहतर सलाह शायद ही कोई दे सकता था।
दरअसल यह पहली बार नहीं है जब विराट और वैभव की मुलाकात चर्चा में आई हो। इससे पहले गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और आरसीबी के मुकाबले के बाद भी विराट ने वैभव से मुलाकात की थी। उस दौरान कोहली ने वैभव की ऑरेंज कैप पर ऑटोग्राफ दिया था और खास संदेश भी लिखा था। इसके बाद जब-जब वैभव ऑरेंज कैप की रेस में आगे रहे, वह गर्व से वही साइन की हुई कैप पहनकर मैदान में दिखाई दिए।
हालांकि राजस्थान रॉयल्स इस बार फाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी अहमदाबाद में फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे थे। मैच के दौरान वह आईसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ स्टैंड्स में बैठे भी नजर आए थे।
आईपीएल 2026 वैभव सूर्यवंशी के लिए किसी सपने से कम नहीं रहा। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली। इतना ही नहीं, 237 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने सुपर स्ट्राइकर अवॉर्ड भी जीता।
वैभव ने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाकर आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बना दिया। इसके लिए उन्हें मोस्ट सिक्सेस अवॉर्ड मिला। इसके अलावा उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का सम्मान भी दिया गया।
इतनी कम उम्र में पांच बड़े अवॉर्ड जीतकर वैभव सूर्यवंशी ने साफ संकेत दे दिया है कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है। वहीं विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी का समर्थन और मार्गदर्शन उनके आत्मविश्वास को और भी मजबूत बना सकता है।