विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्यानिकी विभाग द्वारा 05 जून 2026 को हॉस्पिटल सेक्टर, स्ट्रीट-12 क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी (बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र रहे व विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार उपस्थित थे।
इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (सम्पर्क प्रशासन, एवं जनसम्पर्क विभाग) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे, नगर सेवाएं विभाग के महाप्रबंधक विष्णु के पाठक, अतुल नौटीयाल, महेंद्र साहू, विकास चंद्रा, उपमहाप्रबंधक रवि फुले, सहायक महाप्रबंधक रमेश कुमार गुप्ता, राजेश शर्मा, ललित कुमार, अशोक सिन्हा, शंकर अग्रवाल, संदीप नायडू, खीरु प्रसाद सहित पर्यावरण प्रेमी, क्लब बुलबुल एवं स्काउट-गाइड के बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, पर्यावरण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ संयंत्र एवं टाउनशिप क्षेत्र में हरित आवरण को और सुदृढ़ करना था।
अपने संबोधन में निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले कुछ दशकों में वैश्विक तापमान में निरंतर वृद्धि हुई है तथा वायु प्रदूषण मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा संसाधनों के सतत उपयोग के माध्यम से हम इस दिशा में सार्थक योगदान दे सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए सभी से कम-से-कम एक पौधा अपनी माता के नाम लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि भिलाई इस्पात संयंत्र परिवार का प्रत्येक सदस्य प्रतिवर्ष , 10 पौधे रोपित एवं संरक्षित करे, तो यह प्रयास आने वाले वर्षों में लाखों वृक्षों के रूप में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों एवं उपस्थित नागरिकों द्वारा 400 से भी अधिक पौधों का रोपण किया गया। इस वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षा विभाग प्रमुख महाप्रबंधक श्रीमती शिखा दुबे एवं शिक्षकगण, एनसीसी, स्काउट गाइड के 50 बच्चों तथा वॉलीबौल एकेडमी के 25 बच्चों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं विभाग) श्री ए बी श्रीनिवास एवं महाप्रबंधक (उद्यानिकी) डॉ एन. के. जैन के नेतृत्व में सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग की सुश्री रजनी रजक द्वारा किया गया।