Meta Pixel

बेकरी में गंदगी, डस्टबिन गायब, निगम ने वसूला ₹44,200 जुर्माना:C&D वेस्ट और कचरा फैलाने वालों पर भी कार्रवाई

Spread the love

रायपुर में स्वच्छता को लेकर मिल रही शिकायतों पर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम के जोन-6 की टीम ने मठपुरैना स्थित एक बेकरी में गंदगी मिलने, विभिन्न स्थानों पर सी एंड डी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) वेस्ट पाए जाने और दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने पर कुल 44,200 रुपए का जुर्माना वसूला है।

स्वास्थ्य विभाग और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान मठपुरैना स्थित एक बेकरी में स्वच्छता संबंधी शिकायत सही पाई गई। निरीक्षण में गंदगी मिलने पर बेकरी संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए जुर्माना लगाया गया।

सड़क किनारे मिला निर्माण मलबा

अभियान के दौरान जोन क्षेत्र के कई स्थानों पर सी एंड डी वेस्ट खुले में पड़ा मिला। निगम अधिकारियों ने संबंधित भवन मालिकों को नोटिस देकर भविष्य में दोबारा मलबा नहीं फैलाने की चेतावनी दी और आर्थिक दंड भी लगाया।

डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में डस्टबिन नहीं मिले और आसपास कचरा फैला हुआ पाया गया। निगम टीम ने दुकानदारों को तत्काल डस्टबिन रखने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया।

जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हाजरी, स्वच्छता निरीक्षक महेंद्र कलिहारी, अजय शर्मा, अभिषेक जायसवाल सहित स्वास्थ्य और नगर निवेश विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता को लेकर लापरवाही बरतने वाले प्रतिष्ठानों, दुकानदारों और भवन मालिकों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *