सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के लाइम एवं डोलो कैल्सिनेशन प्लांट (एलडीसीपी) में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, हरित आवरण का विस्तार करना तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण के निर्माण हेतु सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-2) श्री एस. के. घोषाल ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (आरएमपी-2 एवं आरएमपी-3) श्री वी. के. ओगले ने उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत करते हुए पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक दायित्व बताया तथा हरित पहल को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रभारी (पर्यावरण प्रबंधन) सुश्री उमा कटोच, महाप्रबंधक (पर्यावरण प्रबंधन) श्री प्रवीण कुमार, महाप्रबंधक (आरएमपी-2) श्री मनोरंजन संघ, महाप्रबंधक (आरएमपी-3) श्री एस. के. नाइक, महाप्रबंधक (आरएमपी-3) श्री डी. के. वर्मा तथा अपर महाप्रबंधक (आरएमपी-3) श्री अमित माथुर सहित बड़ी संख्या में कार्यपालक एवं गैर-कार्यपालक कर्मचारी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत पाम प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के संकल्प के साथ हुआ।