NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले दिव्यांग (PwD) और बेंचमार्क दिव्यांग (PwBD) अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने स्पष्ट किया है कि स्क्राइब (लेखक) सुविधा के लिए पंजीकरण करने का आज अंतिम दिन है। पात्र उम्मीदवारों को 12 जून 2026 की रात 11:50 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करना अनिवार्य होगा।
NTA द्वारा यह विशेष सुविधा उन उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध कराई गई है जिन्हें परीक्षा के दौरान स्क्राइब की आवश्यकता होती है। निर्धारित समय सीमा के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी भी प्रकार का नया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
NEET UG 2026 री-परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए स्क्राइब डिटेल्स जमा करने का पोर्टल 9 जून 2026 को खोला गया था, जिसे आज रात 11:50 बजे बंद कर दिया जाएगा।
पात्र अभ्यर्थी सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं। इसके बाद आवेदन संख्या और पासवर्ड की सहायता से लॉग-इन करें। लॉग-इन करने के बाद होमपेज पर उपलब्ध “Register Scribe Details” विकल्प पर क्लिक करें। यहां उम्मीदवार को अपनी आवश्यकता के अनुसार स्क्राइब विकल्प का चयन करना होगा और मांगी गई सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरनी होंगी।
सभी विवरण दर्ज करने के बाद आवेदन को सबमिट करें और अंतिम सबमिशन से पहले पूरी जानकारी का एक बार पुनः मिलान अवश्य कर लें। सफलतापूर्वक आवेदन जमा होने के बाद उम्मीदवार “View Application Form” सेक्शन में जाकर अपने द्वारा भरी गई जानकारी की जांच कर सकते हैं।
NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय तक इंतजार न करें, क्योंकि तकनीकी समस्याओं के कारण आवेदन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। यदि किसी उम्मीदवार को पंजीकरण के दौरान कोई दिक्कत आती है तो वह NTA हेल्पडेस्क नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा [email protected] पर ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
गौरतलब है कि यह सुविधा केवल उन्हीं PwD और PwBD उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध है जो NTA द्वारा निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण पूरा कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।