Meta Pixel

मुख्यमंत्री से शिकायत की बात पर बवाल! धान खरीदी केंद्र में मारपीट और लूट, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचे 5 आरोपी

Spread the love

कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी क्षेत्र में संचालित धान एवं मक्का खरीदी केंद्र में हुई मारपीट और कथित नकदी लूट की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की नेक्सन कार भी जब्त कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कौन्दकेरा निवासी सकरू राम नाग ने थाना विश्रामपुरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ग्राम सलना आश्रित उड़ीदगांव बांध के पास धान एवं मक्का खरीदी केंद्र का संचालन कर रहा था। इसी दौरान एक कार में सवार होकर पहुंचे पांच लोगों ने मुख्यमंत्री के पास शिकायत करने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और वहां से 2 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार पांचों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की नेक्सन कार क्रमांक CG 27 K 2722 को भी जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया कि इसी वाहन का इस्तेमाल कर आरोपी घटनास्थल तक पहुंचे थे और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्ञानदास कोर्राम, राघवेन्द्र उर्फ रमन कोर्राम, दौनूराम पटेल, फुलसिंग कोर्राम और रोहित राम पाण्डे के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम कौन्दकेरा और थाना विश्रामपुरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। वहीं, क्षेत्र में इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस की सक्रियता के चलते घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की तत्परता से न केवल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया गया, बल्कि क्षेत्र में यह संदेश भी गया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *