Meta Pixel

’योगा फॉर हेल्दि ऐजिंग’ थीम के तहत 14 जून 2026 को विशेष ऑनलाईन योग सत्र का आयोजन

Spread the love

दुर्ग, 12 जून 2026/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा योगा फॉर हेल्दि ऐजिंग थीम के अंतर्गत 14 जून 2026 को प्रातः 06.15 से 07.35 बजे तक एक विशेष ऑनलाईन योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से एक साथ सर्वाधिक लोगों की ऑनलाईन योग सहभागिता का गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड सत्यापित करने का प्रयास किया जायेगा।
छत्तीसगढ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुसार इस ऐतिहासिक पहल में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, समाजिक संगठनों, योग साधकों तथा आम नागरिकों से बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में सहभागिता हेतु इच्छुक व्यक्तियों को टोल फ्री नं. 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कराना होगा। पंजीयन उपरांत प्रतिभागियों को व्हाट्सएप के माध्यम से कार्यक्रम का लिंक प्राप्त होगा। गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड के लिए प्रत्येक प्रतिभागी का अपने व्यक्तिगत मोबाईल, लेपटॉप अथवा डिजिटल उपकरण से अलग-अलग लॉगिन करना आवश्यक होगा।
आयुष मंत्रालय द्वारा योग संगम पोर्टल 2026 भी प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से विभिन्न संस्थाएं एवं संगठन 21 जून 2026 को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों के लिए पंजीयन कर सकते है तथा आयोजन उपरांत कार्यक्रम का विवरण एवं फोटोग्राफ अपलोड कर सकते है। यह आयोजन योग के माध्यम से स्वस्थ्य जीवनशैली को बढ़ावा देने, जनजागरूकता विकसित करने तथा भारत की योग परम्परा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
अंतराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तारतम्य में आयुष विभाग जिला दुर्ग के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन प्रारंभ हो चुका है जिसके तहत समस्त शासकीय, गैर शासकीय संस्था एवं विभिन्न समुदायों में योग प्रशिक्षकों द्वारा योग के बाह्य सत्र का आयोजन प्रारंभ कर योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जा रहा है। साथ ही सभी संस्थाएं जहां योग का आयोजन हो रहा है उन्हे योग संगम पोर्टल में पंजीयन करवाया जा रहा है। विभाग के द्वारा कुल 78 बाह्य सत्र का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 17 जून से 21 जून तक 05 दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जायेगा। उपरोक्त बाह्य सत्र में अधिक से अधिक जनभागीदारी का भी लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *