दुर्ग जिले के कलेक्टर परिसर स्थित लोक सेवा केंद्र में शुक्रवार रात चोरी की वारदात सामने आई है। यह केंद्र कलेक्टर और एसपी कार्यालय के ठीक पीछे स्थित है। चोर यहां से करीब 6 से 7 हजार रुपए की चिल्लर लेकर फरार हो गए। हालांकि केंद्र में रखा अन्य सामान पूरी तरह सुरक्षित मिला है।
जानकारी के अनुसार चोर लोक सेवा केंद्र का ताला नहीं तोड़ पाए। इसके बाद उन्होंने दरवाजे की कुंडी उखाड़कर अंदर घुसे और नकदी रखे हिस्से को निशाना बनाया। चोरी के दौरान केवल रुपए ही ले जाए गए, जबकि अन्य सामान को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
लोक सेवा केंद्र में रोजमर्रा के कामकाज के लिए कुछ नकदी रखी जाती थी, जिस पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
पेंशन शाखा में भी चोरी की कोशिश
लोक सेवा केंद्र में चोरी की वारदात के बाद चोरों ने पास स्थित पेंशन शाखा को भी निशाना बनाने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, कलेक्टर परिसर स्थित पेंशन शाखा में ज्वाइंट डायरेक्टर के केबिन में घुसकर चोरी का प्रयास किया गया। वहां पैसों की तलाश में सामान बिखरा हुआ मिला।
हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक पेंशन शाखा से किसी प्रकार की नकदी या अन्य सामान चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को आशंका है कि वारदात को ऐसे लोगों ने अंजाम दिया हो सकता है, जो नशे की हालत में थे या पैसों की तलाश में मौके की तलाश कर रहे थे।
पुलिस का कहना है कि केवल नकदी चोरी हुई है, जबकि अन्य सामान को हाथ नहीं लगाया गया। इससे प्रतीत होता है कि चोरों का मकसद सिर्फ पैसे ले जाना था।
CCTV खंगाल रही पुलिस
मामले में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया है कि जिस परिसर में महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं, वहां संबंधित स्थान पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसे में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।