Meta Pixel

धमतरी में NHM मिशन निदेशक की समीक्षा बैठक : टीबी, मलेरिया, सिकल सेल और एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य पर जोर

Spread the love

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी हिले में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की मिशन निदेशक अराधना पटनायक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत और ग्रामीण विकास, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) और आयुष विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।

गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों से मुक्त या नियंत्रित करने का लक्ष्य
इस अवसर पर पटनायक ने कहा कि, देश को टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, सिकल सेल तथा एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों से मुक्त या नियंत्रित करने का लक्ष्य है। इन लक्ष्यों की प्राप्ति केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, समुदाय और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि, समय पर जांच, उपचार, जागरूकता और सतत निगरानी के माध्यम से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

इन मुद्दों पर दिया गया विशेष बल
मिशन निदेशक ने मीज़ल्स-रूबेला, एचपीवी तथा एमएमआर जैसे टीकाकरण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने, शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सुनिश्चित करने और जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, पोषण सेवाओं और मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।

कुपोषण नियंत्रण और जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता
बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया बताया कि, स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, विशेष स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, सिकल सेल और टीबी स्क्रीनिंग, कुपोषण नियंत्रण और जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, जिला प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

जनस्वास्थ्य सेवाओं को किया जाएगा अधिक सुलभ
समीक्षा बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत प्राप्त किए जाने वाले प्रमाणन, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध उपलब्धि तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए रणनीति तय की गई। पटनायक ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनस्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए।

मौके पर ये रहे उपस्थित
पटनायक ने कहा कि, स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास, जनभागीदारी और संवेदनशील प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में राज्य स्तर से संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संदीव झा, राज्य क्षय रोग अधिकारी, एसपीएम एनएचएम डॉ. भरत राजपूत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *