रायपुर – सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत अब सभी उचित मूल्य की दुकानों में ई-पॉस मशीन में बॉयोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से ही खाद्यान्न का वितरण करना है। मोबाइल पर ओटीपी के माध्यम से होने वाले वितरण पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इसके बाद भी 60 वर्ष से अधिक एवं 10 वर्ष से कम उम्र के हितग्राही या नॉमिनी का बॉयोमेट्रिक प्रणाली काम नहीं कर रहा है तथा खाद्यान्न से वंचित होना पड़ सकता है। ऐसे ही हितग्राही को ओटीपी के माध्यम से खाद्यान्न दिया जाए, लेकिन ऐसे हितग्राहियों के नाम की लिस्ट भी विभाग को देनी होगी, ताकि उसका निराकरण किया जा सके।
दुकानों के निरीक्षण के दौरान संचालक ने खरीदा चावल
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की संचालक फरिहा आलम सिद्धीकी ने राजधानी रायपुर की कुछ उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया। उनके साथ अपर संचालक नीलम एल्मा, जिला खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा भी थे। डा. फरिहा आलम ने देवेंद्रनगर में संचालित उचित मूल्य की दुकान में सबसे पहले पहुंची। यहां कई हितग्राही ई-पॉस मशीन से बॉयोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से चावल ले रहे थे। उन्होंने इस प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने इस प्रक्रिया को और बारिक से समझने के लिए स्वयं के राशन कार्ड से बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से 20 किलो एपीएल कोटे का चावल खरीदा। चावल के बदले उन्होंने निर्धारित रुपए भी दुकानदार को दिए।
दुकानदारों को बैठक में निर्देश
जिला खाद्य नियंत्रक ने सभी राशन दुकानों के संचालकों की बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने सभी दुकान संचालकों को निर्देशित किया कि ओटीपी से कोई भी खाद्यान्न का वितरण नहीं करेगा। अगर किसी बुजुर्ग या बच्चे का फिंगर काम नहीं कर रहा हैं, तो निरीक्षक से संपर्क कर इसकी जानकारी दें तथा अनुमति लेकर ही उन्हें ओटीपी के माध्यम से खाद्यान्न वितरण करें।
हितग्राहियों से की बातचीत
दुकान का निरीक्षण के दौरान डॉ.आलम ने दुकान में खाद्यान्न लेने पहुंचे कई हितग्राहियों से बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से पूछा कि खाद्यान्न लेते समय किसी प्रकार की समस्या तो नहीं आ रही है। हितग्राहियों ने उन्हें बताया कि बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से आसानी से खाद्यान्न मिल जाता है। डा. आलम ने देवेंद्रनगर के बाद मोवा स्थित उचित मूल्य दुकान भी पहुंची। यहां भी उन्होंने दुकान में पंजीकृत हितग्राहियों की संख्या, खाद्यान्न वितरण का प्रतिशत सहित अन्य जानकारी भी ली।